राजस्थान के कोटा जिले के सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं की मौत और तबीयत बिगड़ने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक 13 महिलाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें 4 की मौत हो चुकी है। वहीं 9 महिलाओं में किडनी फेल होने जैसे गंभीर लक्षण सामने आए हैं।
जेकेलोन अस्पताल में एक और मौत
कोटा के नयापुरा स्थित जेकेलोन अस्पताल में भर्ती पिंकी महावर की इलाज के दौरान मौत हो गई। डिलीवरी के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई थी। रविवार देर रात उसे सुपर स्पेशियलिटी विंग में शिफ्ट किया गया, लेकिन रात करीब 12:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।
अस्पतालों में डर का माहौल
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और जेकेलोन अस्पताल में दहशत का माहौल है। पहले एक मरीज भर्ती होने की बात कही जा रही थी, लेकिन बाद में तीन महिलाओं के भर्ती होने की जानकारी सामने आई। इनमें एक महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
जांच के लिए बनी कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 5 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल पहुंचकर इलाज की प्रक्रिया, रिकॉर्ड और मरीजों की हालत की जांच की।
दो दिन में हुईं 52 डिलीवरी
सूत्रों के अनुसार, जेकेलोन अस्पताल में दो दिन के भीतर 52 सिजेरियन डिलीवरी हुई थीं। इनमें 5 से 6 महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। कई महिलाएं पहले से हाई रिस्क श्रेणी में थीं, जबकि कुछ दूसरे अस्पतालों से रेफर होकर आई थीं। जांच टीम इसी एंगल से भी मामले को देख रही है।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
पिंकी के परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद ही उसकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था। परिवार ने डॉक्टरों को बार-बार बताया कि महिला को यूरिन नहीं हो रहा और पेट में तेज दर्द है, लेकिन इसे सामान्य बताकर नजरअंदाज किया गया।
15 घंटे में दो बार ऑपरेशन
परिजनों के मुताबिक, 15 घंटे के भीतर पिंकी का दो बार ऑपरेशन किया गया। दूसरे ऑपरेशन में उसकी बच्चेदानी निकाल दी गई। परिवार ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद बच्चेदानी को जांच के लिए भेजने के बजाय डिब्बे में रखकर बेड के पास छोड़ दिया गया।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
मृतका के पति ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने असली स्थिति परिवार से छिपाई। दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल का कहना है कि कुछ मामलों में किडनी फेल्योर के लक्षण मिले हैं, जबकि एक मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है। फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।