साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही यह क्राइम-एक्शन फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी नजर आएंगी। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट की चर्चा चल रही है और अब धीरे-धीरे फिल्म से जुड़ी नई जानकारियां सामने आने लगी हैं। प्रभास के फैंस इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
‘कल्कि 2’ की रिलीज की तैयारी
अब खबर आ रही है कि अगले साल सिर्फ ‘स्पिरिट’ ही नहीं, बल्कि ‘कल्कि 2898 एडी’ का सीक्वल भी रिलीज हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स दिसंबर 2027 में ‘कल्कि 2898 एडी 2’ को सिनेमाघरों में लाने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रभास, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और साई पल्लवी अगले साल अप्रैल तक अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर लेंगे। इसके बाद फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन काम शुरू होगा, जिसमें काफी समय लगाया जाएगा।
VFX और एक्शन पर बड़ा दांव
मेकर्स इस बार ‘कल्कि 2898 एडी 2’ को पहले पार्ट से भी ज्यादा बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म में भारी VFX और बड़े एक्शन सीक्वेंस देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभास के कई दमदार एक्शन सीन प्लान किए गए हैं और उनकी तैयारी भी शुरू हो चुकी है। फिल्म के विजुअल्स और टेक्नोलॉजी पर खास फोकस रहेगा, ताकि दर्शकों को एक भव्य सिनेमाई अनुभव मिल सके।
पहले पार्ट ने की थी रिकॉर्ड कमाई
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी ‘कल्कि 2898 एडी’ का पहला पार्ट साल 2024 में रिलीज हुआ था और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। करीब 600 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। ऐसे में अब दूसरे पार्ट से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। हालांकि प्रभास की हालिया रिलीज ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी, इसलिए फैंस को अब ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2’ से बड़े धमाके की उम्मीद है।