आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी नजर आई। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शुरुआत से ही दिल्ली के बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 142 रन ही बना सकी। टीम ने इस दौरान 51 डॉट गेंदें खेलीं, जिसका असर स्कोर पर साफ दिखाई दिया।
निसांका और आशुतोष ने संभाली पारी
दिल्ली की ओर से पाथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उन्होंने 30 गेंदों में अपनी अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं केएल राहुल ने 14 गेंदों पर 23 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों पर 39 रन बनाकर टीम को थोड़ा सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। कोलकाता के गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे।
KKR गेंदबाजों ने दिखाया दम
कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे और दोनों ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को भी 1-1 सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती भले ही विकेट नहीं ले सके, लेकिन उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 28 रन दिए। KKR की सटीक गेंदबाजी के आगे दिल्ली के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके।
फिन एलेन ने अकेले खत्म किया मैच
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR के लिए फिन एलेन ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। न्यूजीलैंड के इस ओपनर ने सिर्फ 47 गेंदों पर नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। एलेन का स्ट्राइक रेट 212.76 का रहा। इसी के साथ उन्होंने KKR के लिए सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। उनके अलावा कैमरन ग्रीन ने 33 रन की नाबाद पारी खेली। KKR ने यह मुकाबला सिर्फ 14.2 ओवर में जीत लिया।