वैशाख पूर्णिमा का पर्व 1 मई को मनाया जाएगा और इसे बेहद पवित्र माना जाता है. इसी दिन गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था, इसलिए इसे बुद्ध पूर्णिमा भी कहा जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने बुद्ध अवतार लिया था. यह तिथि आत्म-शुद्धि, शांति और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बेहद खास मानी जाती है.
पौराणिक महत्व और मान्यताएं
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, इसी दिन भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी. साथ ही युधिष्ठिर ने भी कृष्णा के कहने पर इस व्रत को किया था और उन्हें बड़ा पुण्य मिला. इस दिन गंगा स्नान, दान और सत्यनारायण की कथा सुनना बेहद फलदायी माना जाता है. चंद्रमा को अर्घ्य देने से घर में सुख-समृद्धि आती है.
व्रत से मिलती है पापों से मुक्ति
शास्त्रों में कहा गया है कि वैशाख पूर्णिमा का व्रत रखने से कई जन्मों के पाप खत्म होते हैं. इस दिन पूजा-पाठ और दान करने से मानसिक अशांति, दरिद्रता और नकारात्मकता दूर होती है. इसे पापों से मुक्ति देने वाली तिथि माना गया है. सच्चे मन से किए गए दान और सेवा से जीवन में सुख और संतुलन बढ़ता है.
सात्विक जीवन से मिलेगा लाभ
इस दिन सात्विक आहार और शांत व्यवहार रखना बहुत जरूरी है. मीठा और हल्का भोजन करें, वाणी में मधुरता रखें. जल, फल और जरूरतमंदों को दान करना बेहद शुभ माना जाता है. रात में चांदनी में ध्यान करने से मन को शांति मिलती है. सही नियमों के साथ व्रत रखने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सुकून आता है.