बरगी बांध में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया, जब टूरिस्टों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया. उस समय क्रूज में करीब 35 से 40 लोग सवार थे, जो सैर के लिए आए थे. जैसे ही क्रूज डूबने लगा, वहां चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मौतें हुईं, कई अब भी लापता
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. वहीं 15 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है. प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और हर संभव कोशिश की जा रही है कि बाकी लोगों को जल्द ढूंढा जा सके.
रेस्क्यू में जुटीं बड़ी टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को तुरंत बुलाया गया. दोनों एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. स्थानीय लोग भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं, जिससे बचाव अभियान तेज गति से चल रहा है.
तेज तूफान बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय अचानक तेज आंधी-तूफान आया. क्रूज नर्मदा नदी के गहरे बैकवाटर में था, जहां तेज हवा और ऊंची लहरों के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते क्रूज पानी में डूब गया. यह क्रूज मध्य प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा संचालित किया जा रहा था. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढना और स्थिति को नियंत्रण में लाना है.