Maharashtra में ‘राजा शिवाजी’ का जलवा, बाकी भारत में ठंडी ओपनिंग के संकेत, एडवांस बुकिंग में दिखा मिला-जुला रिस्पॉन्स

‘राजा शिवाजी’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है, लेकिन इसका ट्रेंड थोड़ा मिला-जुला नजर आ रहा है. महाराष्ट्र में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, वहीं बाकी राज्यों में दर्शकों का उत्साह सीमित दिख रहा है. एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने ब्लॉक सीट्स के जरिए करीब 3.5 से 5 करोड़ रुपये तक की कमाई कर ली है. यह शुरुआत ठीक मानी जा रही है, लेकिन बड़े स्तर पर क्रेज अभी नजर नहीं आ रहा.

टिकट बिक्री के आंकड़े क्या कहते हैं

रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के लिए कुल 1.32 लाख से ज्यादा टिकट्स बिक चुके हैं. मराठी वर्जन में करीब 1750 शोज के लिए 1.16 लाख से ज्यादा टिकट्स बिके हैं, जो मजबूत क्षेत्रीय पकड़ दिखाते हैं. वहीं हिंदी वर्जन में लगभग 3500 शोज के लिए सिर्फ 15 हजार के आसपास टिकट्स बिके हैं. इससे साफ है कि फिल्म का मुख्य बाजार महाराष्ट्र ही बना हुआ है और हिंदी बेल्ट में इसकी पकड़ कमजोर दिख रही है.

ओपनिंग डे कलेक्शन का अनुमान

ट्रेड एनालिस्ट्स के शुरुआती अनुमान के मुताबिक ‘राजा शिवाजी’ भारत में पहले दिन 8 से 10 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है. यह आंकड़ा ठीक-ठाक माना जाएगा, लेकिन बड़े बजट या पैन इंडिया फिल्मों के मुकाबले कम है. अगर महाराष्ट्र में वर्ड ऑफ माउथ मजबूत रहा तो फिल्म की कमाई में तेजी आ सकती है. फिलहाल फिल्म का भविष्य शुरुआती दर्शकों के रिव्यू पर काफी निर्भर करेगा.

स्टारकास्ट और कैमियो से बढ़ी चर्चा

इस फिल्म में रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ भाग्यश्री, संजय दत्त और अभिषेक बच्चन भी अहम किरदार निभा रहे हैं. खास बात यह है कि सलमान खान फिल्म में जीवा महाला के रोल में कैमियो करते नजर आएंगे. इसके अलावा अक्षय कुमार और ऋषभ शेट्टी भी भविष्य में छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित फिल्मों में नजर आ सकते हैं, जिससे इस विषय पर फिल्मों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post