Pornography Case पर राज कुंद्रा का बड़ा बयान- ‘या जेल भेजो या आज़ादी दो, अब और इंतजार नहीं’

बिज़नेसमैन राज कुंद्रा ने चार साल पुराने पोर्नोग्राफी केस को लेकर अपनी निराशा जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि उनकी ओर से कोर्ट में दलीलें पूरी हो चुकी हैं. उनके वकील ने मामले में सभी पक्ष रख दिए हैं. राज कुंद्रा ने कहा कि वह सच के साथ खड़े हैं और अब कोर्ट से जल्द फैसला चाहते हैं.

‘देर से मिला इंसाफ, नाइंसाफी’

राज कुंद्रा ने अपने पोस्ट में साफ कहा कि अगर वह दोषी हैं तो उन्हें सजा दी जाए, लेकिन अगर वह निर्दोष हैं तो उन्हें तुरंत बरी किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया ट्रायल के दौरान उनकी जो छवि खराब हुई है, उसे भी वापस किया जाना चाहिए. उनका मानना है कि इंसाफ में देरी होना, इंसाफ न मिलने के बराबर है. उनके इस बयान ने एक बार फिर इस केस को चर्चा में ला दिया है.

क्या है पूरा मामला

यह मामला साल 2021 का है, जब मुंबई क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा को कथित तौर पर एडल्ट कंटेंट बनाने और उसे ऐप्स के जरिए फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसियों ने उन्हें इस केस का मुख्य साजिशकर्ता बताया था. आरोप था कि वीडियो भारत में शूट किए जाते थे और फिर विदेशी सर्वर के जरिए अपलोड किए जाते थे, ताकि कानून से बचा जा सके. इस केस में कई अन्य लोग भी आरोपी बनाए गए हैं.

शुरू से आरोपों से इनकार

राज कुंद्रा ने शुरुआत से ही सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि कंटेंट पोर्नोग्राफिक नहीं बल्कि इरोटिक था. उन्हें सितंबर 2021 में जमानत मिल गई थी, लेकिन तब तक उन्हें करीब दो महीने जेल में रहना पड़ा. तब से यह मामला कोर्ट में लंबित है और अब सभी की नजरें आने वाले फैसले पर टिकी हैं.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post