Health Tips: गर्मी में नारियल पानी पीने से पहले जान लें सच्चाई, हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं, किडनी मरीजों के लिए बन सकता खतरा

गर्मियों में नारियल पानी को हेल्दी ड्रिंक माना जाता है. इसमें नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स, सोडियम और पोटैशियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. तेज गर्मी और पसीने के कारण शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी हो जाती है, जिसे नारियल पानी काफी हद तक पूरा कर सकता है. यही वजह है कि इसे गर्मियों का सबसे अच्छा नेचुरल ड्रिंक माना जाता है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी भी देता है.

किडनी मरीजों के लिए सावधानी

हालांकि नारियल पानी फायदेमंद है, लेकिन यह हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं होता. खासतौर पर किडनी के मरीजों को इसे पीने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. डॉक्टरों के अनुसार, यह इस बात पर निर्भर करता है कि मरीज की किडनी किस स्टेज में है और शरीर में पोटैशियम का स्तर कितना है. अगर किसी मरीज का पोटैशियम लेवल पहले से ही ज्यादा है, तो नारियल पानी नुकसान पहुंचा सकता है.

कब बन सकता है नुकसानदायक

जिन किडनी मरीजों के शरीर में पोटैशियम ज्यादा होता है, उन्हें नारियल पानी से दूरी बनानी चाहिए. नारियल पानी में मौजूद पोटैशियम शरीर में इसका स्तर और बढ़ा सकता है, जिससे दिल और किडनी दोनों पर असर पड़ सकता है. खासकर जो मरीज डायलिसिस पर हैं, उन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के नारियल पानी नहीं पीना चाहिए. ऐसे मामलों में यह फायदेमंद के बजाय खतरनाक भी साबित हो सकता है.

किडनी हेल्थ का रखें ध्यान

अगर किसी व्यक्ति की किडनी सामान्य है और शरीर के सभी पैरामीटर ठीक हैं, तो नारियल पानी पीना सुरक्षित और फायदेमंद हो सकता है. यह शरीर को हाइड्रेट करता है और जरूरी पोषक तत्व देता है. किडनी को स्वस्थ रखने के लिए रोज पर्याप्त पानी पीना, नमक कम लेना, फास्ट फूड से बचना और नियमित एक्सरसाइज करना जरूरी है. सही खानपान और लाइफस्टाइल से किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post