IPL में नया सुपरस्टार: वैभव ने 36 गेंदों में शतक ठोक मचाया तहलका, टूटे कई बड़े रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा धमाका किया कि पूरा क्रिकेट जगत दंग रह गया। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के युवा खिलाड़ी ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी पारी खेलकर उन्होंने खुद को भविष्य का बड़ा स्टार साबित कर दिया।

छक्कों की बारिश से बनाई पारी

वैभव की इस पारी की सबसे खास बात रही उनकी आक्रामक बल्लेबाजी। उन्होंने 37 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें सिर्फ 5 चौके और 12 छक्के शामिल थे। यानी 72 रन उन्होंने सिर्फ छक्कों से ही बटोर लिए। उनका स्ट्राइक रेट 278 से ज्यादा रहा, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद खास है। उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था, जो उनकी तेज शुरुआत को दिखाता है।

रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी

इस पारी के साथ वैभव ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। इससे पहले भी उन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाया था। इस बार 36 गेंदों में सेंचुरी बनाकर उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना दिया, आईपीएल इतिहास में दो बार 36 या उससे कम गेंदों में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने क्रिस गेल जैसे दिग्गजों की लिस्ट में खुद को शामिल कर लिया।

छक्कों का भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में 12 छक्के लगाकर एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम था, जिन्होंने 11 छक्के लगाए थे। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वैभव ने साबित कर दिया कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post