अगर आप रात 9 बजे के बाद ज्यादा खाना खाते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य और पोषण परीक्षण सर्वेक्षण (NHANES) की एक स्टडी में यह बात सामने आई है। इस रिसर्च में 11 हजार से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया और पाया गया कि देर रात ज्यादा कैलोरी लेने वाले लोगों में पेट की समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। खासतौर पर कब्ज जैसी दिक्कतें ज्यादा देखने को मिलीं।
स्ट्रेस और खाने का डबल असर
स्टडी के अनुसार, जिन लोगों में तनाव ज्यादा होता है और जो रात में अपनी कुल कैलोरी का 25% से अधिक लेते हैं, उनमें कब्ज का जोखिम 1.7 गुना तक बढ़ जाता है। रिसर्च की लीड ऑथर डॉ. हरिका दादिगिरी के मुताबिक, सिर्फ क्या खा रहे हैं यह नहीं, बल्कि कब खा रहे हैं यह भी उतना ही जरूरी है। ज्यादा तनाव और देर रात भारी भोजन मिलकर पेट की सेहत को और खराब कर सकते हैं।
गट-ब्रेन कनेक्शन समझें
इस समस्या के पीछे गट-ब्रेन कनेक्शन अहम भूमिका निभाता है। इसका मतलब है कि हमारा दिमाग और पेट एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। जब आप तनाव में होते हैं, तो इसका असर आपके पाचन तंत्र पर पड़ता है। इससे गट बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ सकता है और कब्ज या अन्य समस्याएं हो सकती हैं। देर रात खाना इस स्थिति को और खराब कर देता है।
कैसे करें बचाव आसान तरीके से
रात के समय शरीर की पाचन क्षमता कम हो जाती है, इसलिए भारी खाना आसानी से पच नहीं पाता। इससे खाना आंतों में लंबे समय तक रुक सकता है और कब्ज की समस्या बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए रात में हल्का भोजन करें, तनाव कम रखें और नियमित रूप से योग या वॉक करें। साथ ही पूरी नींद लेना भी जरूरी है। इन आसान आदतों से आप अपनी गट हेल्थ को बेहतर बनाए रख सकते हैं।