गर्मियों में आम खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है, लेकिन डायबिटीज के मरीज अक्सर सोचते हैं कि क्या इससे शुगर बढ़ती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आम में नेचुरल शुगर होती है, लेकिन इसका असर इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कितनी मात्रा में खाते हैं। सही तरीके से खाया जाए तो आम पूरी तरह से नुकसानदायक नहीं है, बल्कि संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकता है।
ग्लाइसेमिक इंडेक्स का असर
आम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) लगभग 51 से 60 के बीच होता है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि यह ब्लड शुगर को बहुत तेजी से नहीं बढ़ाता, लेकिन ज्यादा मात्रा में खाने पर असर दिख सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति एक बार में बहुत ज्यादा आम खा लेता है, तो शुगर लेवल बढ़ सकता है। इसलिए मात्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
एक्सपर्ट की सलाह क्या कहती है
डॉ. दीपक कुमार सुमन के अनुसार आम खाना पूरी तरह मना नहीं है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में खाना चाहिए। उनका कहना है कि दिन में एक आम तक खाना सुरक्षित माना जा सकता है। खासतौर पर डायबिटीज से जूझ रहे लोगों को यह समझना जरूरी है कि ज्यादा मात्रा में आम खाने से ब्लड शुगर जरूर बढ़ सकता है, इसलिए कंट्रोल बहुत जरूरी है।
डायबिटीज में आम खाने के सही तरीके
डायबिटीज मरीज अगर कुछ बातों का ध्यान रखें तो आम का मजा बिना डर के ले सकते हैं। एक बार में 100 ग्राम से ज्यादा आम न खाएं और खाली पेट आम खाने से बचें। आम का शेक या जूस बनाने के बजाय इसे सीधे खाएं। साथ ही इसे नट्स या फाइबर वाले फूड के साथ खाने से शुगर धीरे-धीरे बढ़ता है। पूरी तरह आम छोड़ने की जरूरत नहीं, बल्कि सही मात्रा और तरीके से खाना ज्यादा बेहतर है।