बॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर डेविड धवन ने अपने करियर को लेकर एक भावुक संकेत दिया है, जिसने फैंस को चौंका दिया है। सालों तक कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों को हंसाने वाले डेविड धवन अब शायद फिल्मों से दूरी बनाने की सोच रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर पहले से ही चर्चा थी, लेकिन अब ये फिल्म इसलिए खास बन गई है क्योंकि इसे उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है।
बेटे वरुण की जमकर की तारीफ
एक इंटरव्यू में डेविड धवन ने अपने बेटे वरुण धवन की तारीफ करते हुए कहा कि एक डायरेक्टर को हमेशा एक अच्छा एक्टर चाहिए होता है। उन्होंने कहा कि वरुण सिर्फ उनके बेटे नहीं, बल्कि एक समझदार और मेहनती एक्टर हैं, जो सवाल करते हैं और हर चीज को समझने की कोशिश करते हैं। डेविड ने बताया कि जब वो कैमरे के पीछे होते हैं, तब वरुण उनके लिए सिर्फ एक एक्टर होते हैं, और उनका पूरा ध्यान सिर्फ अच्छे रिजल्ट पर रहता है।
पुराने दौर की फिल्ममेकिंग याद
डेविड धवन ने पुराने समय को याद करते हुए बताया कि पहले फिल्मों में भरोसा बहुत बड़ा फैक्टर होता था। उन्होंने कहा कि उस दौर में सलमान खान, गोविंदा और संजय दत्त जैसे स्टार्स पूरी स्क्रिप्ट नहीं सुनते थे। सिर्फ सीन सुनकर ही फिल्में बन जाती थीं। उनके मुताबिक, उस समय काम करने का तरीका अलग था और उसमें विश्वास सबसे अहम होता था, जो आज के समय में थोड़ा बदल गया है।
सेहत और फिल्म की रिलीज डेट
डेविड धवन ने अपनी सेहत को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि शूटिंग के दौरान वो काफी बीमार थे। इस दौरान वरुण धवन ने उनका पूरा ख्याल रखा और हर समय उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि अब वो ज्यादा काम नहीं करना चाहते और शायद ये उनकी आखिरी फिल्म हो सकती है। ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर नजर आएंगी। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।