धुरंधर 2 की जबरदस्त सफलता के बाद सिनेमाघरों में अजीब सा सन्नाटा छा गया है। रणवीर सिंह की इस फिल्म ने 1750 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास बना दिया, लेकिन इसके बाद बड़ी फिल्मों ने अपनी रिलीज डेट टाल दी। अप्रैल में सिर्फ भूत बंगला ही एक बड़ी रिलीज रही। बाकी फिल्में या तो छोटी थीं या ज्यादा चर्चा में नहीं रहीं, जिससे दर्शकों के लिए महीने का रोमांच कम हो गया।
अप्रैल में कमजोर लाइनअप
अप्रैल में दो और फिल्में आईं, लेकिन उनका असर सीमित रहा। डकैत 10 अप्रैल को रिलीज हुई, जिसमें मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष नजर आए। वहीं 24 अप्रैल को गिन्नी वेड्स सनी 2 रिलीज होने वाली है, जिसमें अविनाश तिवारी और मेधा राणा लीड रोल में हैं। कुल मिलाकर अप्रैल का महीना बॉक्स ऑफिस के लिहाज से फीका ही रहा।
मई में चार फिल्में, स्टार पावर गायब
मई में भी हालात ज्यादा बेहतर नहीं दिख रहे। सिर्फ चार फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं। राजा शिवाजी 1 मई को रिलीज होगी, जिसमें रितेश देशमुख लीड में हैं और सलमान खान कैमियो करेंगे। आखिरी सवाल 8 मई को आएगी, जिसमें संजय दत्त नजर आएंगे। 15 मई को पति पत्नी और वो दो रिलीज होगी, जिसमें आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह और सारा अली खान हैं। 22 मई को चांद मेरा दिल रिलीज होगी।
सनी देओल की फिल्म टली
इन सबके बीच सनी देओल की फिल्म गबरू से उम्मीद थी कि बॉक्स ऑफिस में जान आएगी। यह फिल्म 8 मई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसके टलने की खबर है। नई रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं हुआ है। अगर यह फिल्म मई में नहीं आई, तो पूरा महीना बॉक्स ऑफिस के लिए सुस्त ही रह सकता है। दर्शकों को अब किसी बड़ी फिल्म का इंतजार रहेगा।