अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन वर्ल्डवाइड करीब 21.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडिया नेट कलेक्शन करीब 16 करोड़ रुपये रहा। इस ओपनिंग के साथ फिल्म ने साफ कर दिया कि दर्शकों में इसे लेकर अच्छा खासा क्रेज है। खास बात यह है कि फिल्म ने पेड प्रीव्यूज से भी अच्छी कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन और मजबूत हुआ।
टॉप 10 ओपनिंग फिल्मों में जगह
साल 2026 की हाईएस्ट ओपनिंग डे ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट में ‘भूत बंगला’ ने अपनी जगह बना ली है। इस लिस्ट में कुल 10 फिल्मों में से सिर्फ 4 हिंदी फिल्में शामिल हैं, जबकि बाकी 6 साउथ की हैं। ‘धुरंधर 2’ 205.2 करोड़ के साथ पहले नंबर पर है, वहीं ‘भूत बंगला’ करीब 23.6 करोड़ के साथ सातवें स्थान पर है। यह अक्षय कुमार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दूसरे दिन आया जबरदस्त उछाल
फिल्म को दूसरे दिन यानी शनिवार को शानदार रिस्पॉन्स मिला। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने दूसरे दिन रात तक लगभग 14.61 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। इसके साथ ही इसका कुल इंडिया नेट कलेक्शन 30 करोड़ के पार पहुंच गया है। वीकेंड का फायदा मिलने से उम्मीद की जा रही है कि फिल्म आने वाले दिनों में और तेज कमाई कर सकती है।
हॉरर-कॉमेडी कहानी का असर
‘भूत बंगला’ की कहानी एक 350 साल पुरानी हवेली पर आधारित है, जिसमें हॉरर और कॉमेडी का दिलचस्प मिश्रण है। फिल्म में दिखाया गया है कि यह हवेली अक्षय कुमार को विरासत में मिलती है और इसमें अजीब घटनाएं होती हैं। जो भी वहां शादी करने जाता है, वह गायब हो जाता है। ट्विस्ट और मनोरंजन से भरपूर यह कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिख रहा है।