Akshaya Tritiya 2026: धन-समृद्धि का महापर्व, जानें सही तारीख, पूजा मुहूर्त और क्यों इस दिन सोना खरीदना होता शुभ

हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को बेहद शुभ और पवित्र दिन माना जाता है। यह वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है और देवी लक्ष्मी को समर्पित होता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए इसे “अक्षय” यानी न खत्म होने वाला पुण्य देने वाला दिन कहा जाता है।

कब है अक्षय तृतीया 2026

पंचांग के अनुसार, इस साल तृतीया तिथि की शुरुआत 19 अप्रैल को सुबह 10:45 बजे से होगी और 20 अप्रैल को सुबह 7:49 बजे समाप्त होगी। चूंकि मध्याह्न काल 19 अप्रैल को पड़ रहा है, इसलिए इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को ही मनाई जाएगी। इस दिन पूजा-पाठ और शुभ कार्यों का विशेष महत्व रहता है।

पूजा और सोना खरीदने का शुभ समय

इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 10:49 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक रहेगा। इस दौरान आप विधि-विधान से माता लक्ष्मी की पूजा कर सकते हैं। वहीं सोना या आभूषण खरीदने का शुभ समय 19 अप्रैल सुबह 10:49 बजे से शुरू होकर 20 अप्रैल सुबह 5:51 बजे तक रहेगा। इस दिन सोना खरीदना समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।

क्यों मनाई जाती है अक्षय तृतीया

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने परशुराम के रूप में अवतार लिया था। साथ ही माना जाता है कि इसी दिन सतयुग और त्रेतायुग की शुरुआत हुई थी। इसी तिथि पर कुबेर ने भगवान शिव की तपस्या कर उन्हें प्रसन्न किया था और देवताओं के खजांची बने थे। यही कारण है कि इस दिन को धन, समृद्धि और नए कार्यों की शुरुआत के लिए बेहद शुभ माना जाता है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post