गर्मी के मौसम में तेज धूप और यूवी किरणें बालों को काफी नुकसान पहुंचाती हैं। इससे बाल ड्राई, बेजान और कमजोर हो जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप बाहर निकलते समय बालों को सीधी धूप से बचाएं। इसके लिए स्कार्फ, दुपट्टा, कैप या हैट का इस्तेमाल करें। अगर ज्यादा धूप हो तो छाता भी उपयोगी रहता है। इससे बालों के साथ-साथ स्किन भी सुरक्षित रहती है।
बालों पर बनाएं प्रोटेक्टिव लेयर
बालों को धूप से बचाने के लिए एक प्रोटेक्टिव लेयर बनाना जरूरी है। आप चाहें तो नारियल तेल, बादाम तेल या जैतून का तेल लगा सकते हैं, लेकिन इससे बाल चिपचिपे लग सकते हैं। बेहतर विकल्प है कि आप हल्का हेयर सीरम इस्तेमाल करें। एसपीएफ वाला सीरम या हेयर स्प्रे बालों को सूरज की किरणों से बचाने में मदद करता है और उन्हें स्मूद भी बनाता है।
डीप कंडीशनिंग से रखें बाल हेल्दी
गर्मी में बालों की नमी जल्दी खत्म हो जाती है, जिससे ड्राईनेस और फ्रिजीनेस बढ़ती है। इससे बचने के लिए हर 15-20 दिन में डीप कंडीशनिंग जरूर करें। घर पर ही हेयर स्पा करना आसान है। बालों में स्पा क्रीम लगाएं, फिर गर्म तौलिए से बालों को लपेटें ताकि स्टीम मिले। इसके बाद शैंपू करें। इससे बाल मुलायम, चमकदार और मजबूत बनते हैं।
हीटिंग टूल और ऑयलिंग का रखें ध्यान
गर्मी में पहले से ही तापमान ज्यादा होता है, इसलिए हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर और कर्लर जैसे हीटिंग टूल का इस्तेमाल कम करें। ये बालों को और ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही, ऑयलिंग को बिल्कुल नजरअंदाज न करें। हफ्ते में एक बार शैंपू से पहले 1-2 घंटे के लिए तेल लगाएं और हल्की मसाज करें। इससे बालों को पोषण मिलता है और वे हेल्दी बने रहते हैं।