गुजरात टाइटंस में बड़ा बदलाव हुआ है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को टीम में शामिल किया गया है। उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर जोड़ा गया है। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल 2026 ऑक्शन में किसी टीम ने उन पर बोली नहीं लगाई थी, लेकिन तेज गेंदबाज पृथ्वी राज की चोट ने उनके लिए टीम के दरवाजे खोल दिए।
आईपीएल और घरेलू करियर आंकड़े
कुलवंत खेजरोलिया का आईपीएल करियर अब तक ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्होंने 8 मैचों में 6 विकेट लिए हैं, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 10.6 रहा है, जो थोड़ा महंगा माना जाता है। हालांकि घरेलू टी20 क्रिकेट में उन्होंने 26 मैचों में 27 विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया है। फर्स्ट क्लास में 73 विकेट और लिस्ट ए में 75 विकेट लेकर उन्होंने अपनी काबिलियत दिखाई है।
गुजरात की तेज गेंदबाजी मजबूत
गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा हैं, जो खुद पूर्व तेज गेंदबाज रह चुके हैं। उनकी रणनीति के तहत टीम में पहले से ही कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा और ल्यूक वुड जैसे मजबूत पेसर मौजूद हैं। अब खेजरोलिया के आने से टीम का बॉलिंग अटैक और गहराई वाला हो गया है।
IPL 2026 के लिए मजबूत स्क्वॉड
आईपीएल 2026 के लिए गुजरात टाइटंस की टीम काफी संतुलित नजर आ रही है। टीम में शुभमन गिल, जॉस बटलर, साई सुदर्शन, राशिद खान जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके अलावा ऑलराउंडर और गेंदबाजों का अच्छा मिश्रण टीम को मजबूत बनाता है। अब देखना होगा कि खेजरोलिया इस मौके का कितना फायदा उठा पाते हैं और टीम के लिए कितना योगदान देते हैं।