हर साल की तरह इस बार भी सलमान खान ईद के मौके पर अपने फैंस से मिलने बालकनी में आए। लेकिन इस बार का माहौल थोड़ा भावुक रहा क्योंकि उनके साथ सलीम खान भी नजर आए, जो हाल ही में अस्पताल से लौटे हैं। दोनों ने मिलकर फैंस को ईद की शुभकामनाएं दीं, जिससे वहां मौजूद लोगों की खुशी दोगुनी हो गई।
वीडियो हुआ वायरल
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सलीम खान व्हीलचेयर पर दिखाई दे रहे हैं और उन्हें बालकनी में लाया जा रहा है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आए और सभी ने बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से फैंस को हाथ हिलाकर धन्यवाद कहा।
पूरा परिवार आया साथ नजर
इस खास मौके पर सलमा खान, सोहेल खान, अरबाज खान और अर्पिता खान शर्मा भी अपने बच्चों के साथ मौजूद थे। सभी ने मिलकर फैंस को ईद की मुबारकबाद दी। घर के बाहर फैंस और पैपराजी की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां हर कोई इस पल को कैमरे में कैद करने में जुटा था।
सलीम खान को देख खुश हुए फैंस
सलीम खान की तबीयत को लेकर फैंस काफी चिंतित थे। उन्हें हाल ही में ब्रेन हैमरेज के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद अब उनकी हालत में सुधार हुआ है। उनके स्वस्थ होकर सामने आने से फैंस बेहद खुश हैं। वहीं, काम की बात करें तो सलमान खान जल्द ही अपनी फिल्म बैटल ऑफ गलवान में नजर आने वाले हैं।