Rapper Badshah की बढ़ीं मुश्किलें, ‘टटिहरी’ गाने पर महिला आयोग सख्त, गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के आदेश से मचा हड़कंप

मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘टटिहरी’ को लेकर बड़े विवाद में फंस गए हैं। कुछ दिन पहले रिलीज हुए इस गाने को लेकर हरियाणा में विरोध शुरू हो गया था। आरोप लगाया गया कि गाने के कुछ शब्द महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं। इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सिंगर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विवाद बढ़ने के बाद अब मामला इतना आगे बढ़ चुका है कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी की मांग भी उठने लगी है।

आयोग के सामने पेश नहीं हुए बादशाह

दरअसल हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होने के लिए बुलाया था। लेकिन तय समय पर वह आयोग के सामने पेश नहीं हुए। उनकी जगह उनके वकील मीटिंग में पहुंचे और बताया कि सिंगर किसी प्रोफेशनल कमिटमेंट में व्यस्त हैं। वकीलों ने आयोग से कुछ और समय देने की मांग की। हालांकि आयोग ने इस बात को गंभीरता से लिया और सिंगर के पेश न होने पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद मामले ने और ज्यादा तूल पकड़ लिया।

गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के निर्देश

मीटिंग के दौरान आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया इस मामले को लेकर काफी नाराज नजर आईं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बादशाह दोपहर 3 बजे तक आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पंचकुला और पानीपत के एसपी को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर सिंगर को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि सिंगर का पासपोर्ट जब्त किया जाए ताकि वह देश छोड़कर कहीं बाहर न जा सकें।

विवाद के बाद सिंगर ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस मामले में माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और अगर किसी को दुख पहुंचा है तो वह इसके लिए माफी चाहते हैं। सिंगर ने माफी मांगने के साथ ही अपने विवादित गाने ‘टटिहरी’ को सभी प्लेटफॉर्म से हटा भी दिया। हालांकि इसके बावजूद महिला आयोग इस मामले में सख्त रुख अपनाए हुए है और सिंगर के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post