भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद उनके घर में खुशियों का माहौल है। कुलदीप की शादी उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में होने जा रही है। यह शादी मशहूर लग्जरी होटल The Savoy Hotel में आयोजित की जाएगी। होटल में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसे खास राजपूताना थीम के साथ सजाया जा रहा है।
देहरादून पहुंचते ही हुआ जोरदार स्वागत
अपनी शादी के लिए कुलदीप यादव पहले ही देहरादून पहुंच चुके हैं। यहां उनका परिवार और करीबी लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुलदीप खुशी में डांस करते नजर आ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह उनके लिए डबल खुशी का मौका बन गया है। क्रिकेट मैदान पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब वह अपनी निजी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत करने वाले हैं।
शादी में होगा करीब 2 करोड़ का खर्च
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मसूरी के इस लग्जरी वेडिंग समारोह पर करीब 2 करोड़ रुपये तक खर्च हो सकता है। शादी पूरी तरह राजपूताना थीम पर आयोजित की जाएगी, जिसमें सजावट, पारंपरिक संगीत और खास मेहमानों के लिए शानदार इंतजाम किए गए हैं। कुलदीप की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में एक निजी समारोह में हुई थी। पहले उनकी शादी नवंबर 2025 में होने की चर्चा थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल की वजह से तारीख आगे बढ़ा दी गई थी।
बचपन की दोस्त वंशिका से लेंगे सात फेरे
कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ 14 मार्च 2026 को सात फेरे लेंगे। शादी से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी। इसके अलावा 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक ग्रैंड रिसेप्शन भी रखा जाएगा। इस समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी, बॉलीवुड सितारे और कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने इस खास मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ को भी निमंत्रण दिया है।