19 March से शुरू होगी चैत्र नवरात्रि 2026: जानिए घटस्थापना का सही समय, शुभ मुहूर्त और कौन-कौन से बनेंगे खास योग

चैत्र नवरात्रि हिंदू धर्म का बेहद महत्वपूर्ण पर्व है। यह हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होता है। साल में कुल चार बार नवरात्रि मनाई जाती है, जिनमें दो मुख्य होती हैं- चैत्र और शारदीय नवरात्रि। इसके अलावा दो गुप्त नवरात्रि भी होती हैं। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। भक्त श्रद्धा के साथ व्रत रखते हैं और माता की आराधना करते हैं। माना जाता है कि इस दौरान सच्चे मन से की गई पूजा से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है और जीवन के दुख दूर होते हैं।

कब से शुरू होगी चैत्र नवरात्रि 2026

पंचांग के अनुसार साल 2026 में चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होगी। प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 19 मार्च को सुबह 06 बजकर 52 मिनट पर होगी और इसका समापन 20 मार्च को सुबह 04 बजकर 52 मिनट पर होगा। इसी दिन से नवरात्रि की शुरुआत मानी जाएगी। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन रामनवमी के दिन होगा, जो इस बार 27 मार्च को मनाई जाएगी। इन नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करते हैं।

घटस्थापना का शुभ मुहूर्त

नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना यानी कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है। इसे मां दुर्गा की पूजा की शुरुआत माना जाता है। साल 2026 में 19 मार्च को घटस्थापना के लिए पहला शुभ मुहूर्त सुबह 06 बजकर 52 मिनट से शुरू होकर 07 बजकर 43 मिनट तक रहेगा। अगर इस समय में कलश स्थापना नहीं हो पाती तो दोपहर के अभिजीत मुहूर्त में भी यह की जा सकती है। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 05 मिनट से शुरू होकर 12 बजकर 53 मिनट तक रहेगा।

नवरात्रि में बनेंगे खास शुभ योग

इस साल की चैत्र नवरात्रि को और भी खास बनाने वाले तीन शुभ योग बन रहे हैं। इन नौ दिनों के दौरान शुक्ल योग, ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बनेगा। ज्योतिष के अनुसार ये तीनों योग बेहद शुभ माने जाते हैं। ऐसे योग में पूजा, व्रत और धार्मिक कार्य करने से विशेष फल मिलता है। इसलिए माना जा रहा है कि इस साल की चैत्र नवरात्रि भक्तों के लिए खास और फलदायी रहने वाली है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post