अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है और यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों को सलाम करने का अवसर होता है। खेलों की दुनिया में भी कई महिलाएं अपनी अद्भुत ताकत से सबको चौंका रही हैं। पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और स्ट्रॉन्गवुमन प्रतियोगिताओं में कई महिला खिलाड़ी 300 से 500 किलो तक वजन उठाकर रिकॉर्ड बना रही हैं। ये खिलाड़ी साबित करती हैं कि महिलाएं ताकत के मामले में भी किसी से कम नहीं हैं।
एंड्रिया थॉम्पसन: दुनिया की सबसे ताकतवर महिला
एंड्रिया थॉम्पसन ब्रिटेन की मशहूर स्ट्रॉन्गवुमन खिलाड़ी हैं। साल 2025 में उन्होंने विश्व की सबसे ताकतवर महिला का खिताब जीता। वे अर्नोल्ड स्ट्रॉन्गवुमन क्लासिक जैसे बड़े टूर्नामेंट में भी टॉप स्थान हासिल कर चुकी हैं। एंड्रिया लॉग प्रेस में 140 किलो से ज्यादा, योके में 500 किलो से ज्यादा और डेडलिफ्ट में 300 किलो से ज्यादा वजन उठा चुकी हैं।
एलिरा जॉय काउली: ऑस्ट्रेलिया की मजबूत एथलीट
एलिरा जॉय काउली ऑस्ट्रेलिया की सबसे ताकतवर महिला खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। उनकी पावर और एंड्योरेंस शानदार मानी जाती है। साल 2025 की विश्व की सबसे ताकतवर महिला प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था। 2022 में स्टैटिक मॉन्स्टर्स वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में उन्होंने 291 किलो डेडलिफ्ट उठाकर शानदार प्रदर्शन किया।
ओल्गा लियाशचुक: यूरोप की स्ट्रॉन्गवुमन स्टार
ओल्गा लियाशचुक यूक्रेन की मशहूर स्ट्रॉन्गवुमन एथलीट हैं। उन्होंने 2025 में अर्नोल्ड स्ट्रॉन्गवुमन क्लासिक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वे कई बार यूरोपियन और वर्ल्ड लेवल की प्रतियोगिताओं में चैंपियन रह चुकी हैं। ओल्गा लॉग प्रेस में 150 किलो से ज्यादा और एटलस स्टोन्स में 150 से 180 किलो तक वजन उठा चुकी हैं।
इनेज कैरासकुइलो: अमेरिका की उभरती स्ट्रॉन्गवुमन
इनेज कैरासकुइलो अमेरिका की स्ट्रॉन्गवुमन एथलीट हैं और हैवीवेट कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करती हैं। उन्होंने डेडलिफ्ट में 300 किलो से ज्यादा वजन उठाया है। साल 2025 में उन्हें उभरती हुई स्टार खिलाड़ी माना गया और कई प्रतियोगिताओं में उन्होंने सबसे ज्यादा अंक भी हासिल किए।
अगाता सित्को: छोटी कद लेकिन बड़ी ताकत
अगाता सित्को पोलैंड की युवा पावरलिफ्टर हैं। उनका कद करीब 5.1 फीट है, लेकिन उनकी ताकत बेहद शानदार है। 69 किलो वर्ग में उन्हें सबसे मजबूत खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने स्क्वाट में 250 किलो से ज्यादा, बेंच प्रेस में 140 किलो से ज्यादा और डेडलिफ्ट में 280 किलो से ज्यादा वजन उठाया है।
जैकी ओसजेवेस्की: कनाडा की ताकतवर खिलाड़ी
जैकी ओसजेवेस्की कनाडा की प्रमुख स्ट्रॉन्गवुमन एथलीट हैं। 2025 विश्व की सबसे ताकतवर महिला प्रतियोगिता में उन्होंने 32 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। लॉग प्रेस में उन्होंने 140 किलो से ज्यादा वजन उठाया है। उन्हें उत्तरी अमेरिका की टॉप स्ट्रॉन्गवुमन खिलाड़ियों में गिना जाता है।
रेबेका रॉबर्ट्स: ब्रिटेन की रिकॉर्ड होल्डर
रेबेका रॉबर्ट्स भी दुनिया की ताकतवर महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने अर्नोल्ड स्ट्रॉन्गवुमन प्रतियोगिता में टॉप 5 में जगह बनाई थी। डेडलिफ्ट में वे 300 किलो से ज्यादा वजन उठा चुकी हैं और योक वॉक में भी उन्होंने 500 किलो से ज्यादा वजन उठाया है।
एंजेला जार्डिन: अमेरिका की चैंपियन स्ट्रॉन्गवुमन
एंजेला जार्डिन अमेरिका की दिग्गज स्ट्रॉन्गवुमन खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। वे 2024–25 अर्नोल्ड स्ट्रॉन्गवुमन प्रतियोगिता की चैंपियन रह चुकी हैं। साल 2025 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 3 में जगह बनाई। उनकी ताकत और प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया की सबसे मजबूत महिला खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।