असम में विधानसभा चुनावों की आहट तेज हो चुकी है। 126 सीटों पर मार्च के अंत या अप्रैल में मतदान होने की संभावना है, हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। इससे पहले ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मंगलवार को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। इस सूची में पांच महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है, जिससे साफ है कि पार्टी सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश में है।
गौरव गोगोई को जोरहाट से टिकट
पार्टी ने सांसद गौरव गोगोई को जोरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया है। उनका नाम सामने आते ही इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया को नजीरा से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा को बारचल्ला सीट से टिकट मिला है। कांग्रेस ने शुरुआती सूची में कई अनुभवी और मजबूत चेहरों को उतारकर साफ संकेत दे दिया है कि वह इस बार पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ने जा रही है।
बीजेपी के नेतृत्व में मौजूदा सरकार
फिलहाल असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार है और हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री हैं। विधानसभा में बीजेपी के पास 64 विधायक हैं और सहयोगी दलों के साथ मिलकर एनडीए बहुमत में है। दूसरी ओर, कांग्रेस के पास 26 विधायक हैं और वह मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभा रही है। ऐसे में मुकाबला सीधा सत्तारूढ़ गठबंधन और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।
10 साल से एनडीए की सत्ता
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन ने 75 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। यह पहली बार था जब किसी गैर-कांग्रेसी गठबंधन ने असम में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। पिछले 10 वर्षों से राज्य में एनडीए की सरकार है। अब कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इस बार चुनावी रणनीति की कमान प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाली है, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।