Mumbai में मोदी-मैक्रों की अहम मुलाकात, रक्षा सौदे से इनोवेशन तक बड़े फैसले, भारत-फ्रांस रिश्तों में नया मोड़

मुंबई के लोक भवन में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच अहम मुलाकात हुई. बैठक के बाद दोनों नेताओं के बीच विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता भी होगी. सूत्रों के मुताबिक इस दौरान 114 राफेल लड़ाकू विमान और हैमर मिसाइल की खरीद जैसे बड़े रक्षा सौदों पर मुहर लग सकती है. इसके अलावा रक्षा व्यापार, कौशल विकास, स्वास्थ्य और सप्लाई चेन जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है.

रणनीतिक साझेदारी और इनोवेशन पर जोर

भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए कई समझौते और एमओयू पर हस्ताक्षर हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन समझौते फाइनल किए जा सकते हैं. दोनों नेता मिलकर 2026 को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के रूप में लॉन्च भी करेंगे. यह पहल टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और रिसर्च सहयोग को बढ़ाने पर केंद्रित होगी. अपनी यात्रा के दौरान मैक्रों दिल्ली में होने वाले एआई शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.

मुंबई हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि

यह मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली आधिकारिक यात्रा है. मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने ताज महल पैलेस होटल जाकर 26/11 आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. इस हमले में 150 से अधिक लोगों की जान गई थी, जिनमें फ्रांस के नागरिक भी शामिल थे. यह श्रद्धांजलि दोनों देशों के बीच आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख और संवेदनशील रिश्तों का प्रतीक मानी जा रही है.

भव्य स्वागत और आगे की बातचीत

फ्रांस के राष्ट्रपति के मुंबई पहुंचने पर आचार्य देवव्रत और देवेंद्र फडणवीस ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. दोनों नेता अब रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे. माना जा रहा है कि इस यात्रा से भारत-फ्रांस संबंधों को नई दिशा मिलेगी और कई अहम क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post