Morning Diet Tips: सुबह खाली पेट क्या खाएं, क्या नहीं? गलत शुरुआत बिगाड़ सकती सेहत, जानिए सही मॉर्निंग डाइट का पूरा सच

सुबह का समय शरीर के लिए बेहद अहम होता है। पूरी रात आराम के बाद जब हम जागते हैं, तो शरीर को नई ऊर्जा और पोषण की जरूरत होती है। ऐसे में दिन की शुरुआत किस चीज से की जाए, इसका असर पूरे दिन के एनर्जी लेवल और पाचन पर पड़ता है। अगर सुबह सही खानपान न हो, तो थकान, सुस्ती और पेट से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। कई लोग जल्दी में सिर्फ चाय पीकर या कुछ हल्का खाकर काम शुरू कर देते हैं, जिससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते। लंबे समय तक ऐसी आदतें मेटाबॉलिज्म को भी प्रभावित कर सकती हैं।

खाली पेट ये चीजें देना शरीर को फायदा

विशेषज्ञों के मुताबिक सुबह खाली पेट सबसे पहले गुनगुना पानी पीना बेहद फायदेमंद होता है। दिल्ली नगर निगम में तैनात डॉक्टर डॉ. अजय कुमार बताते हैं कि इससे शरीर को डिटॉक्स करने में मदद मिलती है और पाचन सक्रिय होता है। इसके बाद भीगे हुए बादाम या किशमिश खा सकते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व देते हैं। पपीता, सेब या केला जैसे फल भी अच्छा विकल्प हैं क्योंकि इनमें फाइबर और विटामिन भरपूर होते हैं। कई लोग नींबू पानी या शहद वाला गुनगुना पानी भी लेते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाता है। ज्यादा भूख लगे तो हल्का और संतुलित नाश्ता जैसे दलिया या ओट्स लेना सही रहता है।

सुबह खाली पेट इन चीजों से करें दूरी

सुबह खाली पेट कुछ चीजें खाने से शरीर को नुकसान भी हो सकता है। तला-भुना और ज्यादा मसालेदार भोजन पाचन तंत्र पर दबाव डालता है। बहुत ज्यादा चाय या कॉफी पीने से एसिडिटी और जलन बढ़ सकती है। खाली पेट कोल्ड ड्रिंक या पैकेट वाले जूस से भी बचना चाहिए, क्योंकि इनमें ज्यादा शुगर होती है। जंक फूड या भारी खाना सुबह खाने से पेट भारी रहता है और दिनभर सुस्ती महसूस हो सकती है। इसी तरह ज्यादा मीठा भी सुबह के समय सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ सकता है।

सुबह की डाइट से जुड़ी जरूरी आदतें

स्वस्थ रहने के लिए कुछ आसान नियम अपनाना जरूरी है। सुबह उठते ही एक गिलास पानी जरूर पिएं। खाली पेट बहुत ज्यादा चाय या कॉफी से बचें। ताजा और घर का बना खाना चुनें, ताकि शरीर को सही पोषण मिल सके। मौसमी फल जरूर शामिल करें क्योंकि ये प्राकृतिक और पौष्टिक होते हैं। ज्यादा देर तक भूखे न रहें और अगर कोई बीमारी या खास डाइट चल रही हो, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। सही मॉर्निंग डाइट अपनाकर आप पूरे दिन एक्टिव और स्वस्थ रह सकते हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post