नमित मल्होत्रा का कहना है कि रामायण सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की पहचान को दुनिया के सामने रखने की कोशिश है। उनके मुताबिक रामायण हमारी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं की बुनियाद है। उन्होंने बताया कि विदेशों में काम करते हुए उन्हें महसूस हुआ कि दुनिया भारत की असली सांस्कृतिक ताकत को ठीक से नहीं समझती। यही सोच उन्हें इस भव्य प्रोजेक्ट को बनाने की प्रेरणा देती रही, ताकि भारत की विरासत को वैश्विक मंच पर नए स्तर पर दिखाया जा सके।
दुनिया को दिखेगी भारतीय संस्कृति की भव्यता
मल्होत्रा ने बताया कि उन्होंने करीब दो दशक अंतरराष्ट्रीय फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और देखा कि कई क्षेत्रों में भारतीयों की मजबूत पहचान है, लेकिन सिनेमा में भारतीय इतिहास और कहानियों को उतनी जगह नहीं मिली। उन्हें यह बात हमेशा परेशान करती रही कि भारत को अक्सर सिर्फ उभरते देश के रूप में देखा जाता है। इसलिए उन्होंने तय किया कि एक ऐसी कहानी पेश की जाए, जो भारत की जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक समृद्धि को भव्य और आधुनिक अंदाज़ में दुनिया तक पहुंचाए।
बड़े पैमाने पर बन रही मेगा फिल्म
यह फिल्म बड़े बजट, हाई-टेक विजुअल और विश्वस्तरीय तकनीक के साथ तैयार की जा रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को Prime Focus Studios और Monster Mind Creations प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर काम कर रहा है आठ ऑस्कर जीत चुका स्टूडियो DNEG। यह महागाथा दो हिस्सों में रिलीज होगी और दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा।
शानदार स्टार कास्ट और बड़ी उम्मीदें
फिल्म की स्टार कास्ट भी बेहद दमदार है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, जबकि साईं पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगी। यश रावण के किरदार में दिखेंगे, वहीं सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का रोल निभाएंगे। इतनी बड़ी टीम और विशाल पैमाने पर बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में नया रिकॉर्ड बना सकती है और दुनिया को भारत की सांस्कृतिक शक्ति का नया परिचय दे सकती है।