Healthy Habits: हर रोज खाने के बाद इलायची चबाना फायदेमंद है या नुकसानदेह, सच्चाई जानकर आज ही बदल देंगे ये आदत

इलायची अपनी खुशबू और स्वाद के कारण मसालों में खास जगह रखती है. मीठे से लेकर नमकीन व्यंजनों तक इसका इस्तेमाल आम है. भारत में खाने के बाद इलायची चबाने की परंपरा भी लंबे समय से चली आ रही है. माना जाता है कि यह न सिर्फ पाचन में मदद करती है, बल्कि मुंह की सफाई और सांसों को ताजा रखने में भी कारगर होती है. रिसर्च जर्नल ऑफ फार्मेसी एंड टेक्नोलॉजी के अनुसार, इलायची में मौजूद प्राकृतिक एंटीमाइक्रोबियल गुण मुंह की बदबू कम करने में मदद करते हैं. इसलिए कई लोग इसे नेचुरल माउथ फ्रेशनर की तरह इस्तेमाल करते हैं.

पाचन तंत्र को कैसे मिलती मदद

विशेषज्ञों के अनुसार इलायची में सिनेओल, लिमोनीन, टरपिनीन और फ्लेवोनॉयड्स जैसे सक्रिय तत्व पाए जाते हैं. ये सूजन कम करने, पाचन सुधारने और मेटाबॉलिक हेल्थ को सपोर्ट करने में मदद करते हैं. रिसर्च के मुताबिक, खाने के बाद इलायची चबाने से पाचन से जुड़े एंजाइम्स सक्रिय हो जाते हैं. जैसे लाइपेज, एमाइलेज और प्रोटीएज भोजन को बेहतर तरीके से तोड़ने में मदद करते हैं. इससे खाना जल्दी और आसानी से पचता है. कुछ मामलों में यह आंतों की कार्यक्षमता भी बेहतर कर सकती है, जिससे पेट हल्का महसूस होता है.

गैस और बदबू से राहत का तरीका

इलायची में कार्मिनेटिव और एंटी-फ्लैटुलेंस गुण होते हैं, जो गैस, ब्लोटिंग और पेट की सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और सूजन-रोधी तत्व पेट की अंदरूनी परत को शांत करते हैं. इससे एसिड रिफ्लक्स या हार्टबर्न जैसी समस्याओं में भी राहत मिल सकती है. वहीं इलायची चबाने से लार का उत्पादन बढ़ता है, जिससे मुंह की सफाई प्राकृतिक रूप से होती है. यह ड्राई माउथ को कम करता है और सांसों की दुर्गंध दूर करने में मदद करता है.

कितनी इलायची और किसे सावधानी

खाने के बाद हरी इलायची चबाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. इसे हल्का दबाकर बीज चबाएं, छिलका निगलना जरूरी नहीं. आमतौर पर एक इलायची पर्याप्त होती है. ज्यादा मात्रा लेने से मुंह में खुजली, खांसी या पेट की समस्या हो सकती है. पित्त की पथरी वाले लोग, गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाएं और कुछ दवाएं लेने वाले लोग सावधानी बरतें. विशेषज्ञ रोजाना नहीं, बल्कि सीमित अंतराल पर इलायची चबाने की सलाह देते हैं.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra