ICC और PCB के बीच हालिया बातचीत के बाद बांग्लादेश से जुड़े वित्तीय मुद्दे पर स्थिति साफ होती नजर आ रही है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, PCB ने ICC से मांग की थी कि बांग्लादेश पर किसी भी तरह का जुर्माना न लगाया जाए और उन्हें ICC रेवेन्यू में उनका पूरा हिस्सा मिले। इस पर ICC ने पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ICC का कहना है कि उन्होंने अपनी तरफ से बांग्लादेश पर कोई जुर्माना लगाने का फैसला नहीं लिया है। ऐसे में इस मुद्दे पर PCB की मांग को औपचारिक रूप से खारिज कर दिया गया है और इसे पहले से तय नीति का हिस्सा बताया गया है।
भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज पर जवाब
PCB की दूसरी बड़ी मांग भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज को लेकर थी। पाकिस्तान बोर्ड चाहता था कि ICC भारत को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए कहे। हालांकि सूत्रों के मुताबिक ICC ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया। ICC ने साफ कहा कि द्विपक्षीय सीरीज उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। यहां तक कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र के दौरान भी ICC किसी देश को द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता।
ट्राई सीरीज और बांग्लादेश दौरे पर इनकार
PCB ने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक त्रिकोणीय सीरीज कराने का प्रस्ताव भी ICC के सामने रखा था। इस पर भी ICC ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि द्विपक्षीय या त्रिकोणीय सीरीज का फैसला संबंधित क्रिकेट बोर्ड्स खुद करते हैं। इसके अलावा PCB की यह मांग भी थी कि भारतीय टीम को इसी साल बांग्लादेश दौरे के लिए भेजा जाए। ICC ने इस मांग पर भी हाथ खड़े करते हुए इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया।
भारत पाकिस्तान मैच पर बनी सहमति
टी20 वर्ल्ड कप को लेकर भी स्थिति अब काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मुकाबले के लिए पाकिस्तान ने ICC को अपनी रजामंदी दे दी है। इससे पहले पाकिस्तान की ओर से यह संकेत दिए गए थे कि वह वर्ल्ड कप खेलेगा लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। अब ICC के हस्तक्षेप और टूर्नामेंट की अनिवार्यता के चलते पाकिस्तान इस हाई प्रोफाइल मुकाबले के लिए तैयार हो गया है।