टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी आखिरी टी20 सीरीज खेली और शानदार अंदाज में 4-1 से जीत दर्ज की. पांच मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया ने पहले तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी. चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने वापसी जरूर की, लेकिन भारत ने आखिरी मुकाबले में जोरदार जीत के साथ सीरीज का समापन किया. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 46 रन से जीत दर्ज की.
ईशान-सूर्यकुमार की तूफानी बल्लेबाजी
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने की, लेकिन दोनों 42 रन के भीतर आउट हो गए. इसके बाद ईशान किशन ने मैदान पर तूफान ला दिया. उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 30 गेंदों में 63 रन की तेज पारी खेली.
हार्दिक का फिनिश, गेंदबाज बेबस
भारतीय पारी को और मजबूती दी हार्दिक पंड्या ने, जिन्होंने सिर्फ 17 गेंदों पर 42 रन बनाए. उनकी पारी ने भारत को 270 के पार पहुंचाया. न्यूजीलैंड के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आए. लॉकी फर्ग्यूसन और काइल जैमीसन ने 2-2 विकेट जरूर लिए, लेकिन रन रोकने में नाकाम रहे. भारत का यह स्कोर टी20 क्रिकेट में टीम की आक्रामक सोच और गहराई को साफ दिखाता है.
अर्शदीप का पंजा, कीवी ढेर
272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने तेज शुरुआत की. फिन एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन बनाए, जबकि रचिन रवींद्र ने 17 गेंदों पर 30 रन जोड़े. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की. लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पलट दिया. अर्शदीप सिंह ने 5 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी. अक्षर पटेल ने 3 और वरुण चक्रवर्ती ने 1 विकेट लिया. पूरी कीवी टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई.