Maharashtra की राजनीति में बड़ा मोड़, अजित पवार के बाद सुनेत्रा पवार बनेंगी उपमुख्यमंत्री? फैसला आज

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अजित पवार के निधन के बाद राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया है। इस खाली पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनसीपी के अंदर और बाहर इस बात की चर्चा है कि अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनेंगी, जो राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक अहम पल होगा।

कल हो सकता है शपथ ग्रहण

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह 11 बजे मुंबई में एनसीपी विधायकों की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है। इसके बाद शाम को उनके उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की चर्चा है। पार्टी के अंदर लगभग सहमति बन चुकी है और औपचारिक ऐलान किसी भी वक्त हो सकता है। इस घटनाक्रम पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।

फडणवीस से हुई अहम बैठक

शुक्रवार को एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, सुनील तटकरे, धनंजय मुंडे और प्रफुल्ल पटेल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। वर्षा निवास पर हुई इस बैठक में सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक के बाद संकेत मिले कि मुख्यमंत्री इस नाम पर सकारात्मक हैं। इसके साथ ही पार्टी स्तर पर भी सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बनती दिख रही है।

समर्थकों की मजबूत मांग

अजित पवार के निधन के बाद से ही एनसीपी समर्थक लगातार सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि इससे अजित पवार की राजनीतिक विरासत और पार्टी की स्थिरता बनी रहेगी। बारामती में सुनेत्रा पवार की पारिवारिक सलाहकार नरेश अरोड़ा के साथ बैठक हुई, जिसमें पार्थ और जय पवार भी मौजूद थे। इसके बाद नरेश अरोड़ा परिवार का संदेश लेकर मुंबई रवाना हुए। माना जा रहा है कि देर रात या सुबह सुनेत्रा पवार मुंबई पहुंच सकती हैं।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra