कहते हैं क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते ही टूटने के लिए होते हैं और एक बार फिर यह बात सच साबित हुई है। आयरलैंड के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने भारतीय स्टार रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यूएई के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में जैसे ही स्टर्लिंग मैदान पर उतरे, उन्होंने इतिहास रच दिया। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और इस खास मुकाम पर उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
रोहित से आगे निकले स्टर्लिंग
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने करियर में 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे और अब वह इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। पॉल स्टर्लिंग ने 160वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते ही रोहित का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि, इस ऐतिहासिक मुकाबले में स्टर्लिंग का बल्ला ज्यादा नहीं चला और वह सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बावजूद यह मैच उनके करियर के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गया, क्योंकि इसी मुकाबले में उन्होंने खुद को टी20 इतिहास में सबसे आगे खड़ा कर दिया।
टी20 करियर के शानदार आंकड़े
पॉल स्टर्लिंग का टी20 इंटरनेशनल करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक खेले 160 मैचों में 3874 रन बनाए हैं। उनका औसत 26 से ज्यादा का है, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। स्टर्लिंग के नाम टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 140 छक्के और 445 चौके लगाए हैं। लंबे समय तक आयरलैंड के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाई हैं और खुद को दुनिया के भरोसेमंद टी20 बल्लेबाजों में शामिल किया है।
करियर की शुरुआत और अन्य रिकॉर्ड
पॉल स्टर्लिंग ने 15 जून 2009 को पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। वह 2008 से इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2008 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था। अलग-अलग फॉर्मेट्स की बात करें तो वनडे और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 200 टेस्ट और 463 वनडे मैच खेले हैं, जो आज भी क्रिकेट इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।