U-19 World Cup में भारत का तूफान, जिम्बाब्वे पस्त, अब पाकिस्तान से महामुकाबले की तैयारी

पांच बार की चैंपियन भारतीय अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप 2026 में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है. ग्रुप स्टेज में सभी मुकाबले जीतने के बाद टीम इंडिया ने सुपर-6 राउंड में भी जोरदार शुरुआत की. कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुआई में भारत ने मेजबान जिम्बाब्वे को एकतरफा मुकाबले में 204 रन से हरा दिया. यह भारतीय टीम की टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत रही. मैच बुलावायो में खेला गया, जहां भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और जिम्बाब्वे को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया है.

विहान मल्होत्रा का यादगार शतक

भारतीय जीत के हीरो रहे उप-कप्तान विहान मल्होत्रा. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. विहान ने 107 गेंदों में नाबाद 109 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज का पहला शतक था. उन्होंने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया. उनके अलावा अभिज्ञान कुंडू ने 61 रन की अहम पारी खेली और वैभव सूर्यवंशी ने तेज 52 रन बनाए. विहान और कुंडू के बीच 113 रन की साझेदारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

आयुष और उधव की घातक गेंदबाजी

352 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही. तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश ने दूसरी ही गेंद पर ओपनर को आउट कर दिया. शुरुआती ओवरों में जिम्बाब्वे ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए. हालांकि कियन ब्लिगनॉ और लीरॉय चिवाउला ने 69 रन की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की. चिवाउला ने अर्धशतक भी जमाया, लेकिन इसके बाद पूरी टीम लड़खड़ा गई. कप्तान आयुष म्हात्रे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, वहीं उधव मोहन ने भी 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. जिम्बाब्वे की पूरी टीम 148 रन पर सिमट गई.

अब भारत-पाकिस्तान महामुकाबला

अब सुपर-6 में टीम इंडिया का अगला मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा. यह हाई-वोल्टेज मैच रविवार, 1 फरवरी को खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की यह पहली भिड़ंत होगी, जिसे लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं. पाकिस्तान की टीम भी शानदार फॉर्म में है. उसने अपने सुपर-6 के पहले मैच में न्यूजीलैंड को 110 रन पर ऑलआउट कर 17.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. ऐसे में भारत-पाकिस्तान मैच रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra