U-19 World Cup में भारत का जलवा, न्यूजीलैंड को बुरी तरह रौंदा

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय युवा टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखा दी है। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को आसानी से मात दी। यह मैच भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन का गवाह बना। पहले गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को छोटे स्कोर पर समेट दिया, फिर बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

बारिश के बीच गेंदबाजों का जलवा

बुलावायो में खेले गए इस मुकाबले में बारिश ने कई बार खलल डाला। मैच को घटाकर 37-37 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी और यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 36.2 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट कर दिया। न्यूजीलैंड की ओर से कैलम सैमसन ने नाबाद 37 रन और सेल्विन संजय ने 28 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे।

आरएस अम्बरीश की घातक गेंदबाजी

भारत की ओर से आरएस अम्बरीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा हेनिल पटेल ने 3 विकेट लिए। खिलन पटेल, मोहम्मद इनान और कनिष्क चौहान को 1-1 सफलता मिली। सभी गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की, जिससे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज दबाव में नजर आए। लगातार गिरते विकेटों ने न्यूजीलैंड को कभी भी मैच में वापसी का मौका नहीं दिया।

वैभव-आयुष की तूफानी साझेदारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। ओपनर ऐरन जॉर्ज जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। दोनों ने सिर्फ 39 गेंदों में 76 रन की साझेदारी की। वैभव ने 23 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि आयुष ने 27 गेंदों में 53 रनों की धमाकेदार पारी खेली। बाद में विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने टीम को 13.3 ओवर में जीत दिला दी।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post