प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट हमेशा एक बड़ी चिंता का विषय रहता है। सरकारी नौकरी की तरह यहां कोई फिक्स पेंशन सिस्टम नहीं होता, इसलिए बुढ़ापे की आर्थिक सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है। लेकिन अगर आपका पीएफ कटता है और आप EPFO के दायरे में आते हैं, तो यह चिंता काफी हद तक दूर हो सकती है। ईपीएफओ की ईपीएस स्कीम (Employee Pension Scheme) प्राइवेट नौकरीपेशा लोगों के लिए एक मजबूत सहारा बनती है, जो रिटायरमेंट के बाद नियमित मासिक पेंशन देती है।
सैलरी का छोटा हिस्सा, बड़ा फायदा
हर महीने सैलरी से कटने वाला पीएफ सिर्फ बचत नहीं होता, बल्कि भविष्य की पेंशन की नींव भी होता है। कर्मचारी और कंपनी दोनों का योगदान पीएफ में जाता है, लेकिन कंपनी के योगदान का एक हिस्सा सीधे ईपीएस (EPS) में जमा होता है। यही पैसा धीरे-धीरे पेंशन फंड बन जाता है। पेंशन का लाभ पाने के लिए कम से कम 10 साल की नौकरी (पेंशन योग्य सेवा) जरूरी होती है। सामान्य रूप से 58 साल की उम्र में पूरी पेंशन मिलती है, जो रिटायरमेंट के बाद नियमित आय का मजबूत जरिया बनती है।
ऐसे करें पेंशन का हिसाब
अपनी पेंशन जानने के लिए किसी एक्सपर्ट के पास जाने की जरूरत नहीं है। ईपीएफओ का फॉर्मूला बहुत आसान है:
(पेंशन योग्य सैलरी × नौकरी के कुल साल) ÷ 70
यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है कि पेंशन कैलकुलेशन के लिए अधिकतम सैलरी सीमा 15,000 रुपये (Basic + DA) तय है। चाहे आपकी असली सैलरी ज्यादा हो, पेंशन की गणना इसी लिमिट पर होगी। ‘नौकरी के साल’ का मतलब है, जितने साल आपने EPS में योगदान दिया है।
2026 रिटायरमेंट का गणित
मान लीजिए कोई कर्मचारी 2026 में रिटायर हो रहा है और उसकी EPS सेवा अवधि 50 साल है। तो पेंशन बनेगी:
15,000 × 50 ÷ 70 = लगभग 10,714 रुपये प्रति माह
यानी रिटायरमेंट के बाद हर महीने करीब 10,700 रुपये की पेंशन मिलेगी। लेकिन अगर कोई व्यक्ति 58 साल से पहले, जैसे 50 साल की उम्र में पेंशन लेना शुरू करता है, तो हर साल 4% कटौती होती है। इसलिए सही उम्र पर पेंशन लेना आर्थिक रूप से ज्यादा फायदेमंद होता है।