भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में दर्शकों को रनों की बारिश देखने को मिली. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया. भारतीय टीम ने सिर्फ 15.2 ओवर में 209 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली.
न्यूजीलैंड की दमदार बल्लेबाजी
न्यूजीलैंड की शुरुआत शानदार रही. डेवन कॉन्वे और टिम साइफर्ट ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की. इसके बाद रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली. कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 19 और डैरिल मिचेल ने 18 रन जोड़े. इन पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली.
ईशान किशन का रिकॉर्ड अर्धशतक
209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन ईशान किशन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे. ईशान ने महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज टी20 फिफ्टी है. उनका स्ट्राइक रेट 237.50 का रहा, जिसने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया.
सूर्यकुमार यादव का कप्तानी धमाल
ईशान के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मोर्चा संभाला और न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं. सूर्यकुमार ने 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए. उनकी पारी में 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. सूर्यकुमार अंत तक क्रीज पर टिके रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे. इस जीत के साथ भारत पहली टीम बन गई, जिसने टी20 क्रिकेट में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य 16 ओवर से पहले हासिल किया.