T20 World Cup से बाहर बांग्लादेश! भारत में खेलने से इनकार, आईसीसी के फैसले पर मचा बड़ा विवाद

बांग्लादेश आधिकारिक रूप से टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है. आईसीसी ने बांग्लादेश को फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया था. गुरुवार को ढाका में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि बांग्लादेशी टीम भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी. इसके बाद आईसीसी को इस फैसले की जानकारी दे दी गई. अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में खेलने का मौका दिया जाएगा.

आईसीसी को ठहराया जिम्मेदार

बैठक के बाद बीसीबी अध्यक्ष ने कड़ा बयान देते हुए इस पूरे मामले के लिए आईसीसी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि आईसीसी बांग्लादेश के मुकाबलों को भारत से किसी अन्य देश में शिफ्ट करने में नाकाम रही. बीसीबी अध्यक्ष ने कहा, “आईसीसी ने 20 करोड़ लोगों को निराश किया है. क्रिकेट की लोकप्रियता घट रही है और ऐसे फैसले इसे और नुकसान पहुंचा रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि जब क्रिकेट ओलंपिक में जा रहा है, तब बांग्लादेश जैसे देश का वर्ल्ड कप से बाहर होना आईसीसी की बड़ी नाकामी है.

बीसीबी बोला: लड़ाई जारी रहेगी

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया है कि वह इस फैसले के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा. बीसीबी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आईसीसी की बैठकों में निष्पक्ष फैसले नहीं लिए गए. उनके मुताबिक आईसीसी मीटिंग में सिर्फ बीसीसीआई की बात मानी गई और बाकी देशों की चिंताओं को नजरअंदाज किया गया. बीसीबी ने कहा कि वह आने वाले समय में भी अपने खिलाड़ियों और देश के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेगा और इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाता रहेगा.

भारत को बताया असुरक्षित

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर भारत में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं. बीसीबी के एक अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा भारत में खतरे में है. उन्होंने दावा किया कि एक खिलाड़ी को पहले ही टूर्नामेंट से बाहर किया गया, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई. अधिकारी ने कहा, “हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन अपने खिलाड़ियों की जान जोखिम में नहीं डाल सकते.” बांग्लादेश का मानना है कि जब एक खिलाड़ी को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जा सकी, तो पूरी टीम की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra