Flight Cancellation की मार! इंडिगो के मुनाफे में 78% गिरावट, दिसंबर तिमाही के आंकड़ों ने उड़ाए होश

बीता महीना हवाई यात्रियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. फ्लाइट कैंसिलेशन, लंबा इंतजार और एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी आम बात बन गई थी. खासतौर पर इंडिगो के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी. अब इस अव्यवस्था का असर एयरलाइन की कमाई पर भी साफ नजर आ रहा है. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिनमें कंपनी को भारी वित्तीय झटका लगा है. आंकड़े बताते हैं कि ऑपरेशनल समस्याओं ने सीधे तौर पर कंपनी के मुनाफे पर गहरी चोट की है.

मुनाफे में 78 फीसदी की गिरावट

इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के मुताबिक, दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा बुरी तरह गिरा है. पिछले साल इसी तिमाही में जहां कंपनी ने 2,449 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था, वहीं इस बार यह घटकर सिर्फ 550 करोड़ रुपये रह गया. यानी मुनाफे में करीब 78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. कंपनी ने इसके पीछे तीन बड़े कारण गिनाए हैं. नए लेबर लॉ लागू होने से करीब 969 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च बढ़ा. दिसंबर की शुरुआत में हुए ऑपरेशनल संकट और फ्लाइट रद्द होने से 577 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने भी कंपनी की लागत बढ़ा दी.

रेवेन्यू बढ़ा, यात्री भी ज्यादा

मुनाफे में गिरावट के बावजूद इंडिगो के लिए एक राहत की खबर भी है. कंपनी का कुल रेवेन्यू पिछले साल की तुलना में 6 फीसदी बढ़ा है. अगर लेबर लॉ और ऑपरेशनल दिक्कतों का असर नहीं होता, तो कंपनी का मुनाफा 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता था. दिलचस्प बात यह है कि तमाम शिकायतों और अव्यवस्था के बावजूद यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है. इस तिमाही में करीब 3.19 करोड़ यात्रियों ने इंडिगो से सफर किया, जो पिछले साल के मुकाबले 2.8 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, हर सीट से होने वाली कमाई यानी यील्ड में थोड़ी गिरावट जरूर देखी गई.

सीईओ बोले: नींव अब भी मजबूत

दिसंबर की शुरुआत में मचे कोहराम पर इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने माना कि ऑपरेशनल समस्याओं के कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे कंपनी को नुकसान हुआ. हालांकि, उनका कहना है कि इन चुनौतियों के बावजूद इंडिगो ने 245 बिलियन रुपये का रेवेन्यू हासिल किया है, जो कंपनी की मजबूत बाजार स्थिति को दिखाता है. एल्बर्स ने भरोसा दिलाया कि इंडिगो अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है और भविष्य में यात्रियों को बेहतर अनुभव और ज्यादा भरोसेमंद सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra