Oscar 2026 की नॉमिनेशन लिस्ट जारी, भारत को लगा झटका, ‘होमबाउंड’ टॉप-15 के बाद रेस से बाहर

22 जनवरी की शाम द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट एंड साइंसेज ने ऑस्कर 2026 की नॉमिनेशन लिस्ट जारी कर दी. इस लिस्ट का दुनियाभर के फिल्म प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार था. भारत की तरफ से करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म ‘होमबाउंड’ भी इंटरनेशनल फीचर फिल्म केटेगरी में दावेदार थी. पहले इस फिल्म ने टॉप-15 फिल्मों में जगह बनाकर उम्मीदें बढ़ा दी थीं, लेकिन फाइनल नॉमिनेशन में यह जगह नहीं बना सकी. इसके बाद भारतीय दर्शकों में निराशा देखने को मिली.

‘होमबाउंड’ से थीं बड़ी उम्मीदें

‘होमबाउंड’ में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर लीड रोल में नजर आए थे. फिल्म को देश और विदेश में दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी. खासतौर पर इसकी कहानी, अभिनय और निर्देशन की खूब तारीफ हुई. जब यह फिल्म इंटरनेशनल फीचर फिल्म केटेगरी की टॉप-15 लिस्ट में शामिल हुई, तब माना जा रहा था कि यह ऑस्कर नॉमिनेशन तक जरूर पहुंचेगी. हालांकि, आखिरी दौर में यह फिल्म टॉप-5 में अपनी जगह नहीं बना पाई और ऑस्कर की रेस से बाहर हो गई.

ये फिल्में पहुंचीं नॉमिनेशन तक

इंटरनेशनल फीचर फिल्म केटेगरी में टॉप-15 में से केवल पांच फिल्मों को नॉमिनेशन मिला है. इनमें ब्राजील की ‘द सीक्रेट एजेंट’, फ्रांस की ‘इट वॉज जस्ट एन एक्सीडेंट’, नॉर्वे की ‘सेंटिमेंटल वैल्यूज’, स्पेन की ‘सिरात’ और ट्यूनिशिया की ‘द वॉइस ऑफ हिंद रजब’ शामिल हैं. इन फिल्मों ने अब बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है. अब मुकाबला इन पांच फिल्मों के बीच होगा.

कब होगा विनर का ऐलान?

ऑस्कर 2026 के विनर्स का ऐलान 15 मार्च को किया जाएगा. इसी दिन बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म के साथ-साथ बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और अन्य बड़ी केटेगरी के अवॉर्ड भी दिए जाएंगे. वहीं, ‘होमबाउंड’ के अलावा अर्जेंटीना, जर्मनी, जापान, साउथ कोरिया और अन्य देशों की कई फिल्में भी टॉप-15 में जगह बनाने के बावजूद नॉमिनेशन तक नहीं पहुंच पाईं. अब सबकी नजरें 15 मार्च पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि ऑस्कर ट्रॉफी किस फिल्म के नाम होती है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra