सरकार जब GDP का नया बेस ईयर अपनाएगी, तो भारत की आर्थिक तस्वीर और मजबूत दिख सकती है। फिलहाल नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के पहले एडवांस अनुमान के मुताबिक, FY26 में रियल GDP ग्रोथ 7.4% रहने की उम्मीद है, जो FY25 के 6.5% से ज्यादा है। इसके साथ ही ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) ग्रोथ 7.3% और नॉमिनल GDP ग्रोथ करीब 8% आंकी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये आंकड़े पहले से ही अच्छे हैं, लेकिन बेस ईयर बदलने के बाद इनमें और सुधार देखने को मिल सकता है। इससे भारत की इकोनॉमी की असली ताकत और साफ नजर आएगी।
SBI रिपोर्ट ने बढ़ाई हलचल
SBI की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगर बेस ईयर 2022-23 कर दिया जाता है, तो FY26 की GDP ग्रोथ 7.5% या उससे भी ज्यादा हो सकती है। बैंक का कहना है कि नया बेस ईयर पुराने आंकड़ों को नए तरीके से मापेगा, जिससे ग्रोथ की रफ्तार ज्यादा दिख सकती है। SBI ने बताया कि दूसरा एडवांस अनुमान 27 फरवरी 2026 को आएगा, जिसमें ज्यादा डेटा और संशोधन शामिल होंगे। इसमें बेस ईयर बदलाव का असर साफ नजर आने की उम्मीद है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि RBI और NSO के ग्रोथ अनुमानों में आमतौर पर 20–30 बेसिस पॉइंट का ही फर्क रहता है, यानी दोनों के अनुमान लगभग एक जैसे ही होते हैं।
प्रति व्यक्ति आय में भी उछाल
SBI ने FY26 के लिए NSO के 7.4% ग्रोथ अनुमान को काफी संतुलित और भरोसेमंद बताया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस ग्रोथ के साथ आम लोगों की आमदनी में भी सुधार दिखेगा। अनुमान है कि FY26 में प्रति व्यक्ति नेशनल इनकम सालाना 16,025 रुपये बढ़कर 2,47,487 रुपये हो सकती है। यह दिखाता है कि देश की अर्थव्यवस्था सिर्फ आंकड़ों में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जेब में भी असर डालेगी। हालांकि, कृषि और इससे जुड़े सेक्टर में थोड़ी सुस्ती रह सकती है, जहां ग्रोथ 3.1% रहने की उम्मीद है, जो पिछले साल 4.6% थी।
कौन से सेक्टर देंगे रफ्तार?
FY26 में भारत की ग्रोथ का सबसे बड़ा सहारा सर्विस सेक्टर बनने वाला है। इस सेक्टर में 9.1% ग्रोथ का अनुमान है, जो FY25 की 7.2% से काफी ज्यादा है। SBI का कहना है कि सर्विस के सभी सब-सेक्टर्स में सुधार दिख सकता है। इंडस्ट्रियल ग्रोथ 6.0% रहने की उम्मीद है, जिसे 7.0% की मजबूत मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट सपोर्ट देगी। हालांकि, माइनिंग सेक्टर में गिरावट की आशंका है, जहां आउटपुट 0.7% तक घट सकता है। कुल मिलाकर, नए बेस ईयर और अपडेटेड डेटा के साथ भारत की ग्रोथ की तस्वीर और चमकदार हो सकती है।