Dhurandhar 2 से बॉक्स ऑफिस में हलचल, शाहरुख-भंसाली की सीक्रेट प्लानिंग, क्या दो पार्ट में आएंगी बड़ी फिल्में?

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म ने दुनियाभर में 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इंडस्ट्री में नया बेंचमार्क सेट किया। इसी जबरदस्त सफलता के बाद अब 19 मार्च को ‘धुरंधर 2’ रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को लेकर ट्रेड में इतना क्रेज है कि कई बड़े प्रोड्यूसर अपनी फिल्मों की रिलीज डेट इसके आसपास रखने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ एक बार फिर सिनेमाघरों में तूफान ला सकती है।

शाहरुख और भंसाली की बातचीत

इसी बीच बॉलीवुड से एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है। शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ और रणबीर कपूर की ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज को लेकर अहम प्लानिंग चल रही है। ‘लव एंड वॉर’ को संजय लीला भंसाली डायरेक्ट कर रहे हैं, जिसमें आलिया भट्ट और विकी कौशल भी नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली आपस में बातचीत कर रहे हैं, ताकि उनकी फिल्मों की रिलीज रणनीति ऐसी हो कि दर्शक थिएटर में एक नहीं बल्कि दो बार फिल्म देखने जाएं।

दो पार्ट में रिलीज का आइडिया

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली अपनी-अपनी फिल्मों को दो पार्ट में रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों फिल्मों का बजट तय रकम से कहीं ज्यादा पहुंच चुका है। ऐसे में ‘धुरंधर’ की सफलता को देखते हुए मेकर्स चाहते हैं कि एक ही फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज कर ज्यादा से ज्यादा कमाई की जाए। फिलहाल यह सिर्फ आइडिया और बातचीत के स्तर पर है, लेकिन इंडस्ट्री में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

6 महीने के गैप की रणनीति

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लान यह है कि फिल्म को दो भागों में बांटकर दोनों पार्ट्स को 6 महीने से कम के अंतराल में रिलीज किया जाए। यानी पूरी फिल्म पहले से शूट होगी, लेकिन रिलीज के समय उसे दो हिस्सों में बांट दिया जाएगा। आमतौर पर 2.5 से 3 घंटे की फिल्मों को दर्शक एक बार देखते हैं, लेकिन इस फॉर्मूले से मेकर्स एक ही कहानी से दो बार बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर सकेंगे। अब देखना यह होगा कि यह प्लान कागजों से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंचता है या नहीं।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra