पिछले साल नवंबर में श्रीलंका में आए दितवाह चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई थी। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की जान चली गई, जबकि सैकड़ों परिवार अपने घरों से बेघर हो गए। तूफान के कारण कई इलाकों में घर, सड़कें और बुनियादी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभावित लोगों को राहत और पुनर्निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर आर्थिक मदद की जरूरत है। इसी संकट के समय भारत ने श्रीलंका के साथ खड़े होने का फैसला किया है।
बीसीसीआई का मानवीय फैसला
श्रीलंकाई लोगों की मदद के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक अहम और सराहनीय कदम उठाया है। भारत की पुरुष क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज के साथ-साथ एक अतिरिक्त टी20 सीरीज भी खेलेगी। इन टी20 मुकाबलों से होने वाली कमाई को सीधे चक्रवात से प्रभावित लोगों की राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में लगाया जाएगा। टीम इंडिया का यह दौरा अगस्त में प्रस्तावित है, जिसमें क्रिकेट के जरिए इंसानियत की मिसाल पेश की जाएगी।
श्रीलंका क्रिकेट ने जताया आभार
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने शुक्रवार, 2 जनवरी को इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने बीसीसीआई का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये अतिरिक्त टी20 मैच चक्रवात राहत कोष के लिए बेहद जरूरी हैं। सिल्वा के मुताबिक, इन मुकाबलों से जुटाई गई राशि से तूफान के कारण हुए नुकसान की भरपाई करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि दिसंबर 2025 के अंत में दो टी20 मैच खेलने की योजना थी, लेकिन प्रसारक और समय की कमी के कारण तब यह संभव नहीं हो सका।
भारत-बांग्लादेश सीरीज का शेड्यूल
इस बीच भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे और टी20 सीरीज के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को खेले जाएंगे। वहीं टी20 सीरीज के मैच 9, 12 और 13 सितंबर को होंगे। एक तरफ भारत श्रीलंका की मदद के लिए आगे बढ़ा है, तो दूसरी तरफ क्रिकेट कैलेंडर भी रोमांचक मुकाबलों से भरा नजर आ रहा है।