Muzaffarnagar: एक ब्लास्ट, तीन जिंदगियां खत्म, पॉश कॉलोनी के फ्लैट में सिलेंडर विस्फोट से मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी वसुंधरा रेजिडेंसी में एक फ्लैट में जोरदार धमाका हुआ. यह धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए. सेकेंड फ्लोर पर स्थित फ्लैट में LPG गैस सिलेंडर फटने के बाद भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची.

आग की चपेट में तीन लोगों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में फ्लैट के अंदर मौजूद दो पुरुष और एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान अमित गौड़, नितिन और सुशीला देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि आग इतनी तेजी से फैली कि फ्लैट में फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कानूनगो का परिवार रहता था फ्लैट में

मृतक अमित गौड़ शामली जिले के रहने वाले थे और देवबंद तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात थे. वह अपने परिवार के साथ वसुंधरा रेजिडेंसी में किराए के फ्लैट में रहते थे. स्थानीय निवासी अनुराग ने बताया कि घटना करीब शाम 5 बजे हुई. अचानक तेज धमाके की आवाज आई, जब बाहर आकर देखा तो फ्लैट आग की लपटों में घिरा था. तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई. पूरे इलाके में इस हादसे के बाद मातम और दहशत का माहौल है.

रेस्क्यू में झुलसा युवक, जांच जारी

हादसे के दौरान आदित्य राणा नाम का एक युवक परिवार के अन्य सदस्यों को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गया. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. मौके पर पहुंचे SP सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है. फ्लैट के अंदर अंगीठी भी जली हुई मिली है, जिससे सिलेंडर लीकेज की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra