सीरिया के मध्य हिस्से में स्थित होम्स शहर में एक बड़ा आतंकी हमला सामने आया है। वादी अल-दहाब इलाके की इमाम अली इब्न अबी तालिब मस्जिद को निशाना बनाकर धमाका किया गया। यह विस्फोट उस वक्त हुआ, जब मस्जिद में नमाज़ अदा की जा रही थी। अचानक हुए इस धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह इलाका विद्रोहियों के कब्जे वाले उत्तरी ग्रामीण क्षेत्र के पास स्थित है।
मस्जिद के अंदर लगाया गया था विस्फोटक
सीरियन अरब न्यूज एजेंसी के अनुसार, धमाका मस्जिद के अंदर पहले से लगाए गए विस्फोटक उपकरण के कारण हुआ। जैसे ही धमाका हुआ, मस्जिद के अंदर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग मलबे के नीचे दब गए। घायल लोगों को तुरंत होम्स के करम अल-लूज़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की है।
इलाके में कड़ा सुरक्षा घेरा
हमले के बाद सीरिया के गृह मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इंटरनल सिक्योरिटी यूनिट्स को मौके पर तैनात कर दिया। मस्जिद और आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में आतंकी साजिश की आशंका जताई गई है।
गृह मंत्रालय ने दिया सख्त संदेश
सीरिया के गृह मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह हमला मानवीय और नैतिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। मंत्रालय ने साफ कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले समय में इस हमले से जुड़े और खुलासे होने की उम्मीद है।