Health Care: पैरों में सूजन सिर्फ थकान नहीं! कहीं यह शरीर की गंभीर बीमारी का खामोश संकेत तो नहीं? जानिए सच्चाई

पैरों में सूजन होना एक ऐसी समस्या है, जिसे अक्सर लोग थकान या उम्र का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लंबे समय तक खड़े रहना, घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करना या दिनभर की भागदौड़ के बाद पैरों में भारीपन महसूस होना आम बात लगती है। शुरुआत में सूजन हल्की होती है, इसलिए ज्यादा ध्यान नहीं जाता। लेकिन जब यही सूजन बार-बार होने लगे, लंबे समय तक बनी रहे या धीरे-धीरे बढ़ने लगे, तब यह परेशानी का कारण बन सकती है। कई बार लोगों को तब एहसास होता है, जब जूते टाइट लगने लगते हैं या चलने-फिरने में दिक्कत होने लगती है।

पैरों में सूजन के सामान्य कारण

आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों के अनुसार, पैरों में सूजन हर बार किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होती। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे या खड़े रहने से पैरों में खून और तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिससे सूजन आ जाती है। ज्यादा नमक खाने से भी शरीर में पानी रुकने लगता है, जो सूजन की वजह बन सकता है। इसके अलावा गठिया यानी आर्थराइटिस में पैरों और टखनों के आसपास दर्द, अकड़न और सूजन दिखाई दे सकती है, खासकर सुबह के समय। उम्र बढ़ने के साथ जोड़ों में बदलाव आना भी सूजन को बढ़ा सकता है।

कब बन सकती है सूजन गंभीर समस्या

अगर पैरों में सूजन लगातार बनी रहे या धीरे-धीरे बढ़ती जाए, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। हार्ट, किडनी या लिवर से जुड़ी बीमारियों में भी पैरों में सूजन दिखाई दे सकती है। कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट, हॉर्मोनल बदलाव और नसों से जुड़ी समस्याएं भी इसका कारण हो सकती हैं। खासतौर पर अगर एक ही पैर में अचानक सूजन आ जाए, सूजन के साथ तेज दर्द, लालिमा या गर्माहट महसूस हो, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है। इसके अलावा सांस फूलना, सीने में भारीपन या असामान्य थकान के साथ सूजन दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

पैरों की सूजन से बचाव कैसे करें

पैरों की सूजन से बचने के लिए रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा बदलाव काफी मददगार हो सकता है। लंबे समय तक एक ही जगह बैठे या खड़े रहने से बचना चाहिए और बीच-बीच में पैरों को हिलाना या टहलना फायदेमंद होता है। दिन में कुछ समय पैरों को दिल से ऊंचा रखकर आराम करने से सूजन कम हो सकती है। नमक का सीमित सेवन, हल्की एक्सरसाइज और रोजाना पैदल चलना भी पैरों के लिए अच्छा रहता है। आरामदायक और सही फिटिंग के जूते पहनना जरूरी है। अगर सूजन बार-बार हो रही हो या लंबे समय तक ठीक न हो, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सुरक्षित कदम है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra