सर्दियों का मौसम आते ही लोगों की खानपान की आदतें बदल जाती हैं। ठंड के कारण भूख ज्यादा लगती है और गरम, मीठी व तली-भुनी चीजों की चाह बढ़ जाती है। आम लोगों के लिए यह मौसम आरामदायक हो सकता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के लिए थोड़ी सतर्कता जरूरी होती है। इस समय खानपान में की गई छोटी सी लापरवाही भी ब्लड शुगर को तेजी से ऊपर-नीचे कर सकती है। कई बार लोग यह नहीं समझ पाते कि सर्दियों में रोजमर्रा की कौन-सी चीजें उनके लिए नुकसानदायक बन सकती हैं।
मीठी और मैदे की चीजों से क्यों बनाएं दूरी
दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल में पूर्व डायटिशियन डॉ. अनामिका गौर के अनुसार सर्दियों में डायबिटीज के मरीजों को मीठी चीजों से खास तौर पर बचना चाहिए। इस मौसम में गुड़, गजक, रेवड़ी, मिठाइयां और मीठे स्नैक्स खूब खाए जाते हैं, लेकिन ये ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा मैदे से बनी चीजें जैसे समोसा, कचौरी, पकौड़े और बेकरी आइटम भी नुकसान पहुंचा सकती हैं। ये चीजें वजन बढ़ाने के साथ-साथ इंसुलिन के असर को भी कमजोर कर देती हैं।
ड्राई फ्रूट्स और तले-भुने खाने में रखें संतुलन
सर्दियों में लोग ड्राई फ्रूट्स का सेवन ज्यादा करने लगते हैं, लेकिन डायबिटीज के मरीजों को इसमें संतुलन बनाए रखना जरूरी है। काजू, किशमिश और खजूर में प्राकृतिक शुगर ज्यादा होती है, इसलिए इन्हें सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए। इसके अलावा ज्यादा तला-भुना और फास्ट फूड खाने से न केवल वजन बढ़ता है, बल्कि ब्लड शुगर भी नियंत्रण से बाहर जा सकता है। पैकेज्ड जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों से भी दूरी बनाकर रखना बेहतर होता है।
सर्दियों में क्या खाएं, जिससे शुगर रहे कंट्रोल में
डायबिटीज के मरीजों के लिए सर्दियों की हरी सब्जियां बेहद फायदेमंद होती हैं। पालक, मेथी, सरसों, लौकी और गाजर जैसी सब्जियां डाइट में जरूर शामिल करनी चाहिए। साबुत अनाज, दलिया और ओट्स ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने में मदद करते हैं, जिससे शुगर लेवल संतुलित रहता है। प्रोटीन के लिए दालें, पनीर और दही का सेवन किया जा सकता है। सीमित मात्रा में बादाम और अखरोट भी फायदेमंद होते हैं।
सिर्फ डाइट नहीं, ये आदतें भी हैं जरूरी
सर्दियों में डायबिटीज कंट्रोल करने के लिए सिर्फ सही खाना ही काफी नहीं है। नियमित समय पर भोजन करना, ठंड के बावजूद हल्की एक्सरसाइज या वॉक जारी रखना और ब्लड शुगर की समय-समय पर जांच कराना जरूरी है। गुनगुना पानी पीते रहना शरीर को हाइड्रेट रखता है और शुगर लेवल को संतुलन में मदद करता है। सबसे जरूरी बात यह है कि ज्यादा देर तक खाली पेट न रहें और डॉक्टर की सलाह से ही अपना डाइट प्लान अपनाएं। सही जानकारी और थोड़ी सावधानी से सर्दियों में भी डायबिटीज को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है।