पॉपुलर एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही की कार का मुंबई में एक्सीडेंट हो गया. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह एक बड़े म्यूजिक इवेंट में शामिल होने के लिए अपने घर से निकल रही थीं. अचानक एक शराबी ड्राइवर ने उनकी कार को टक्कर मार दी. हादसा भले ही गंभीर लग रहा था, लेकिन राहत की बात यह रही कि नोरा को कोई बड़ी चोट नहीं आई.
डेविड गुएटा के इवेंट के लिए निकली थीं नोरा
जानकारी के मुताबिक, नोरा फतेही फ्रेंच म्यूजिक प्रोड्यूसर और डीजे डेविड गुएटा के साथ होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं. यह इवेंट सनबर्न फेस्टिवल से जुड़ा था. इसी दौरान रास्ते में एक नशे में धुत ड्राइवर ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई.
तुरंत अस्पताल ले जाया गया
एक सूत्र के अनुसार, एक्सीडेंट के तुरंत बाद नोरा की टीम ने बिना समय गंवाए उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीरता से जांचा. ब्लीडिंग और किसी अंदरूनी चोट की आशंका को देखते हुए तुरंत सीटी स्कैन किया गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि नोरा को सिर्फ मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत पूरी तरह से स्थिर है.
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया गया. शराबी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ड्राइवर ने शराब के नशे में गाड़ी कैसे चलाई और दुर्घटना के समय उसकी गति कितनी थी.
चोट के बावजूद इवेंट में जाने का फैसला
डॉक्टरों ने नोरा फतेही को कुछ समय आराम करने की सलाह दी थी. इसके बावजूद उन्होंने अपने पहले से तय कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला किया. बताया गया है कि वह शनिवार रात को डेविड गुएटा के इस खास इवेंट में मौजूद रहेंगी. यह उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट और जज्बे को दर्शाता है.
बॉलीवुड में नोरा फतेही का सफर
नोरा फतेही बॉलीवुड की जानी-मानी डांसर और एक्ट्रेस हैं. उन्होंने साल 2014 में फिल्म ‘रोर’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. इसके अलावा वह मलयालम सिनेमा में भी काम कर चुकी हैं. नोरा को टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस के 9वें सीजन से भी खास पहचान मिली थी.
रजनीकांत की फिल्म में दिखेंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में खबर आई है कि नोरा फतेही सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म जेलर 2 में नजर आ सकती हैं. बताया जा रहा है कि वह इस फिल्म में एक आइटम नंबर करेंगी. फिल्म साल 2026 में रिलीज होने वाली है और इसके लिए नोरा ने चेन्नई में करीब आठ दिनों तक शूटिंग भी की है.