Bastian Garden City Case में आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, शिल्पा शेट्टी के घर पर रेड, टैक्स चोरी के शक में कार्रवाई जारी

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गुरुवार 18 दिसंबर को आयकर विभाग की टीम ने मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनके घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अचानक की गई, जिससे फिल्म और बिजनेस जगत में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि यह रेड शिल्पा से जुड़े एक होटल व्यवसाय के मामले में की गई है, जिसकी जांच पहले से चल रही थी।

बास्टियन होटल से जुड़ा मामला

आयकर विभाग की यह कार्रवाई बेंगलुरु स्थित मशहूर होटल Bastian Garden City से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की गई है। सूत्रों के अनुसार, होटल के लेनदेन और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। इसी के चलते आयकर विभाग की टीम ने न सिर्फ मुंबई बल्कि बेंगलुरु में भी होटल से जुड़े कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

हिस्सेदारी और फाइनेंशियल जांच

शिल्पा शेट्टी ने साल 2019 में Bastian Hospitality में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। यह कंपनी बास्टियन ब्रांड के तहत कई लग्जरी रेस्टोरेंट और पब चलाती है। इस कंपनी के मालिक बिजनेसमैन रंजीत बिंद्रा हैं। आयकर विभाग की टीमें फिलहाल बास्टियन से जुड़े फाइनेंशियल रिकॉर्ड, बैंक खातों और लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही हैं।

एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 17 दिसंबर को भी आयकर विभाग ने शिल्पा शेट्टी के कर्नाटक स्थित बास्टियन रेस्टोरेंट पर छापा मारा था। अब मुंबई स्थित उनके घर पर रेड होने से मामला और गंभीर माना जा रहा है। शिल्पा शेट्टी एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक सफल बिजनेसवुमन भी हैं। उनके मुंबई, गोवा और बेंगलुरु समेत कई शहरों में बास्टियन नाम से रेस्टोरेंट चेन है, जिसकी गिनती हाई-एंड और लग्जरी डाइनिंग में होती है।

नए रेस्टोरेंट की घोषणा और चर्चाएं

इन छापों और 60 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले की चर्चाओं के बीच शिल्पा शेट्टी ने हाल ही में एक नया रेस्टोरेंट ‘अम्माकाई’ खोलने का ऐलान भी किया था। वहीं बीते सितंबर में यह अटकलें तेज हो गई थीं कि मुंबई के बांद्रा में स्थित बास्टियन रेस्टोरेंट बंद होने वाला है।

बास्टियन को लेकर शिल्पा का बयान

इन अफवाहों पर शिल्पा शेट्टी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए सफाई दी थी। उन्होंने एक वीडियो में कहा था कि वह बास्टियन बंद नहीं कर रही हैं। शिल्पा ने बताया था कि उन्हें इस बारे में कई फोन आए, लेकिन बास्टियन कहीं नहीं जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि बास्टियन हमेशा नए और अलग स्वाद के लिए जाना जाता है और इसी जुनून के साथ वे एक नहीं बल्कि दो नई जगहों की घोषणा करने जा रही हैं।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra