2026 आने ही वाला है और इसके साथ ही लोग यह जानने के लिए बेहद उत्साहित हैं कि 2025 में कौन सी फिल्में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गईं। बीते साल बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड सब जगह फिल्मों की बड़ी लाइन लगी रही। कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, तो कई स्टार-स्टड फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाईं। ‘सिकंदर’, ‘वॉर 2’, ‘जाट’ जैसी मेगा रिलीज़ जहां दर्शकों को प्रभावित करने में नाकाम रहीं, वहीं ‘सैयारा’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी फिल्मों ने इंडस्ट्री को नई दिशा दी।
गूगल सर्च की बादशाह ‘सैयारा’
2025 में भारतीय दर्शकों ने सबसे ज्यादा जिस फिल्म को गूगल पर सर्च किया, वह न तो कोई बड़ी स्टारकास्ट वाली थी और न ही भारी बजट की। मोहिट सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ‘सैयारा’ ने सभी उम्मीदों से बढ़कर काम किया। 27 वर्षीय अहान पांडे और अनीत के अभिनय वाली यह फिल्म सिर्फ 45 करोड़ के बजट में बनी, लेकिन 329 करोड़ का नेट और करीब 570 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर गई। दर्शकों ने न सिर्फ फिल्म बल्कि इसके गानों, स्टारकास्ट और मेकिंग को भी जमकर सर्च किया।
दूसरे नंबर पर ‘कांतारा चैप्टर 1’
ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर बवंडर मचा दिया। 2 अक्टूबर 2025 को रिलीज़ हुई यह फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल थी और 622 करोड़ की घरेलू कमाई और 852 करोड़ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। विस्तृत विश्व और भावनात्मक कहानी ने इसे सर्च ट्रेंड में मजबूती से बनाए रखा।
रजनीकांत की ‘कुली’ भी रही टॉप ट्रेंड में
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ ने अपनी रिलीज़ के साथ ही गूगल सर्च पर तूफान ला दिया। 14 अगस्त 2025 को रिलीज़ हुई इस फिल्म में आमिर खान और उपेंद्र की स्पेशल अपीयरेंस भी चर्चा में रही। हालांकि 350 करोड़ के बजट के बावजूद यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 285 करोड़ ही कमा सकी, लेकिन रजनीकांत के विशाल फैनबेस के कारण यह पूरे साल खूब सर्च की गई।
फ्लॉप होने के बावजूद चर्चा में रही ‘वॉर 2’
ऋतिक रोशन और जूनियर NTR की ‘वॉर 2’ YRF स्पाई यूनिवर्स की हाई बजट फिल्म थी, लेकिन 350-400 करोड़ की लागत के बावजूद यह सिर्फ 236 करोड़ ही जुटा पाई। खराब प्रदर्शन के बावजूद फिल्म के स्टारकास्ट और विवाद इसे सर्च के टॉप चार में ले आए।
पुरानी फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ का नया क्रेज
2016 की रोमांटिक फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ ने 2025 में आश्चर्यजनक वापसी की। 7 फरवरी 2025 को री-रिलीज़ होने के बाद जेन Z दर्शकों के बीच इसका क्रेज बढ़ गया और फिल्म ने 40 करोड़ का कलेक्शन कर सभी को चौंका दिया। इस चर्चा ने इसे गूगल के टॉप सर्च में पाँचवां स्थान दिलाया।