Indigo की 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, CEO ने मांगी माफी, हालात बेकाबू

इंडिगो फ्लाइट्स में पिछले कुछ दिनों से चल रही अव्यवस्था के बीच एयरलाइन के CEO पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार शाम सार्वजनिक माफी मांगते हुए हालात पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर इंडिगो के इतिहास का सबसे खराब दिन रहा, जब एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। यह संख्या एयरलाइन की कुल दैनिक उड़ानों का आधे से भी ज्यादा हिस्सा थी। एल्बर्स ने स्वीकार किया कि यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कंपनी इसकी पूरी जिम्मेदारी लेती है।

सबसे ज्यादा रद्द हुई उड़ानें

CEO ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में उड़ानों पर बढ़ता असर नियंत्रण से बाहर होता गया। शुक्रवार को परिस्थितियां इस कदर बिगड़ीं कि इंडिगो को भारी संख्या में उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे देशभर के एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि शनिवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं होगी, हालांकि उड़ानों की रद्द होने वाली संख्या एक हजार से नीचे आने की उम्मीद है।

कंपनी ने ली पूरी जिम्मेदारी

पीटर एल्बर्स ने कहा कि वे स्वयं और पूरी इंडिगो टीम यात्रियों से माफी मांगती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी समस्या को दूर करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उनका कहना था कि यात्रियों को समय पर जानकारी पहुँचाने के लिए सभी माध्यमों—सोशल मीडिया, ईमेल और संदेश—का इस्तेमाल किया जा रहा है। रिफंड और सहायता से जुड़ी जानकारी भी स्पष्ट रूप से साझा की जा रही है ताकि किसी को अतिरिक्त परेशानी न हो।

सहायता सेवाओं में बढ़ोतरी

उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर की क्षमता बढ़ाई गई है ताकि अधिक यात्रियों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। कल जिन लोगों को बड़े एयरपोर्ट्स पर दिक्कतें आईं, उन्हें आज उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, जिन यात्रियों की उड़ान रद्द है, उनसे अनुरोध किया गया है कि वे एयरपोर्ट न आएं, क्योंकि उन्हें पहले ही इसकी सूचना भेज दी जाती है।

धीरे-धीरे पटरी पर लौटेंगे हालात

CEO ने कहा कि सिस्टम को पूरी तरह रीबूट करने के लिए आज कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं, ताकि प्लेन और क्रू को सही स्थान पर पहुँचाया जा सके और अगले दिन नया शेड्यूल सुचारू रूप से शुरू हो सके। उनका मानना है कि DGCA द्वारा दी गई अस्थायी राहत से स्थिति को संभालने में मदद मिलेगी।

10 से 15 दिसंबर तक सामान्य संचालन की उम्मीद

एल्बर्स ने स्पष्ट किया कि इंडिगो के बड़े नेटवर्क और जटिल संचालन के कारण सब कुछ तुरंत सामान्य करना संभव नहीं है, लेकिन 10 से 15 दिसंबर के बीच स्थिति पूरी तरह सुधरने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस संकट से यात्रियों का भरोसा जरूर हिला है, लेकिन कंपनी उसे वापस मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए आभार भी जताया।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra