Bollywood ने खोया अपना ‘ही-मैन’, धर्मेंद्र के आखिरी शब्द हुए यादगार, देश भर में शोक

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। 89 वर्ष की उम्र में 24 नवंबर 2025 को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। जैसे ही उनके गुजरने की जानकारी सामने आई, सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। अपने अंतिम दिनों में धर्मेंद्र फैंस से जुड़े रहने के लिए अक्सर इंस्टाग्राम और एक्स पर सक्रिय रहते थे। उनकी पोस्ट में जीवन के प्रति सकारात्मकता, सरलता और फैंस के लिए अपार प्रेम साफ झलकता था। आज ये पोस्ट उनके चाहने वालों के लिए भावुक ‘अलविदा’ जैसा एहसास दे रही हैं।

दशहरे का वीडियो बना आखिरी संदेश

धर्मेंद्र की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट दशहरे के मौके पर साझा किया गया एक वीडियो संदेश था। वह कार में बैठे अपने हमेशा वाले मुस्कुराते अंदाज में नजर आए थे। इस वीडियो में उन्होंने प्यार से कहा था, “तमाम भाई-बहनों को, बच्चे-बच्चियों को दशहरे की शुभकामनाएं… भगवान आपको लंबी सेहत दे, खुशियां दे… और अब आप नए बन के रहें, तब तो तरक्की ही तरक्की है।” उनके चेहरे पर वही पुरानी गर्मजोशी थी। इस आखिरी संदेश में दिया गया आशीर्वाद अब फैंस के लिए बेहद भावुक याद बन गया है।

फैंस को भावुक कर गई पुरानी पोस्ट

इस वीडियो से पहले 26 सितंबर 2025 को धर्मेंद्र ने एक और भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसे फैंस अब उनके ‘आखिरी भावनात्मक संदेश’ के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने लिखा था, “आजकल गम-ए-दौरां से दूर, गम-ए-दुनिया से दूर, अपने ही नशे में झूमता हूं।” इस कविता जैसे संदेश पर उनके बच्चे ईशा देओल, सनी देओल और बॉबी देओल ने प्यार भरी प्रतिक्रियाएं दी थीं। अब यह पोस्ट उनके मन की उस शांति और दूरी को बयां करती प्रतीत होती है, जिसे वे अपने अंतिम दिनों में महसूस कर रहे थे।

हेमा मालिनी संग आखिरी तस्वीर ने दिल छुआ

धर्मेंद्र की आखिरी एक्स पोस्ट उनकी ‘ड्रीम गर्ल’ और पत्नी हेमा मालिनी के साथ साझा की गई एक खूबसूरत ब्लैक एंड वाइट तस्वीर थी। इस तस्वीर में दोनों एक-दूसरे के पास खड़े मुस्कुराते नजर आए। यह तस्वीर उन दोनों की सदाबहार प्रेम कहानी की याद दिलाती है, जिसने बॉलीवुड की दुनिया में हमेशा एक खास जगह बनाई है।

फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा सादगी का ‘ही-मैन’

धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया पर भले ही बड़े एक्शन डायलॉग न बोले हों, लेकिन उनके सादगी भरे शब्दों ने फैंस के दिलों को छुआ। उनकी पोस्ट में वह अपनापन था, जो उन्हें अपने दर्शकों से जोड़ता था। आज उनके जाने के बाद यही संदेश, यही तस्वीरें और वही मुस्कान हमेशा के लिए यादों में बसी रहेंगी।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra